
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने लिया अहम फैसला
अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने राम मंदिर के प्रशासन और प्रबंधन को अधिक व्यवस्थित एवं पेशेवर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। बुधवार को हुई ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक में भारतीय वायुसेना के पूर्व एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को अयोध्या राम मंदिर का पहला मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त करने का निर्णय लिया गया। बैठक के दौरान उनके नाम की औपचारिक घोषणा की गई।
पश्चिमी वायु कमान की संभाल चुके हैं जिम्मेदारी
देवरिया निवासी जितेंद्र मिश्रा भारतीय वायुसेना में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। हाल में चर्चा में रहे ऑपरेशन सिंदूर के दौरान उन्होंने पश्चिमी वायु कमान का नेतृत्व किया था। सैन्य सेवा के दौरान प्राप्त उनके प्रशासनिक अनुभव, नेतृत्व क्षमता और अनुशासन को देखते हुए ट्रस्ट ने उन्हें मंदिर के प्रबंधन की जिम्मेदारी सौंपने का निर्णय लिया है।
मंदिर की व्यवस्थाओं की होगी निगरानी
CEO के रूप में जितेंद्र मिश्रा की जिम्मेदारियां काफी व्यापक होंगी। मंदिर के रोजमर्रा के प्रशासनिक कामकाज के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाओं और भीड़ प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण कार्यों की निगरानी उनके जिम्मे होगी।
इसके अलावा श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट द्वारा लिए गए निर्णयों और विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में भी CEO की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
मंदिर प्रबंधन को मिलेगा पेशेवर स्वरूप
राम मंदिर में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या और उससे जुड़ी व्यवस्थाओं को देखते हुए ट्रस्ट का यह निर्णय महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पूर्व सैन्य अधिकारी को CEO की जिम्मेदारी दिए जाने से प्रशासनिक व्यवस्था में अनुशासन, बेहतर समन्वय और कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिए जाने की उम्मीद है।
ट्रस्ट की बैठक में मंदिर से जुड़े प्रशासनिक एवं प्रबंधन संबंधी विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की गई।






