दिल्ली एयरपोर्ट पर 1.34 किलो सोना बरामद, अंडरगारमेंट में छिपाकर लाया था बांग्लादेशी यात्री

केमिकल पेस्ट के रूप में छिपाए गए सोने की कीमत करीब 1.88 करोड़ रुपये, कस्टम्स ने की कार्रवाई
नई दिल्ली। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सोने की तस्करी का मामला सामने आया है। कस्टम्स और CISF की संयुक्त कार्रवाई में एक बांग्लादेशी यात्री से 1.346 किलोग्राम सोना बरामद किया गया। बरामद सोने का टैरिफ मूल्य करीब 1.88 करोड़ रुपये आंका गया है।
अंडरगारमेंट में छिपाकर रखे थे कैप्सूल
कस्टम्स की जानकारी के मुताबिक यात्री के अंडरगारमेंट में तीन अंडाकार कैप्सूल छिपाए गए थे। इनमें सोना रासायनिक पेस्ट के रूप में रखा गया था। पैकिंग सहित इन कैप्सूल का वजन करीब 1.596 किलोग्राम बताया गया।
जांच के बाद निकलीं दो सोने की छड़ें
जांच के बाद रासायनिक पेस्ट से सोना अलग किया गया। इस प्रक्रिया में 1,346 ग्राम वजन की दो सोने की छड़ें बरामद हुईं। इनका टैरिफ मूल्य 1,88,20,715 रुपये आंका गया है।
जेद्दा से आया था यात्री
कस्टम्स के अनुसार यात्री 12 सितंबर को जेद्दा से एयर इंडिया की उड़ान AI-2256 से दिल्ली पहुंचा था और इसके बाद उसे AI-237 से ढाका जाना था। अंतरराष्ट्रीय ट्रांजिट क्षेत्र में CISF अधिकारियों ने जांच के दौरान उसे रोका था।
कस्टम्स ने यात्री को किया गिरफ्तार
मामले में कस्टम्स अधिकारियों ने यात्री को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक यात्री ने पूछताछ में सोना ट्रांजिट क्षेत्र में ही एक संपर्क व्यक्ति को सौंपे जाने की बात बताई।






