IPS Santosh Singh: छत्तीसगढ़ कैडर के IPS संतोष सिंह को दिल्ली मेट्रो में मिली बड़ी जिम्मेदारी, CISF में बने DIG

Delhi Metro Security: छत्तीसगढ़ कैडर के 2011 बैच के IPS अधिकारी संतोष सिंह को दिल्ली मेट्रो में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के DIG के पद पर पदस्थ किया गया है। केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत संतोष सिंह अब दिल्ली मेट्रो की सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेंगे।
दिल्ली मेट्रो की सुरक्षा संभालेंगे संतोष सिंह
दिल्ली मेट्रो दिल्ली के साथ उत्तर प्रदेश और हरियाणा के कई शहरों को जोड़ती है। इसके 271 स्टेशनों वाले नेटवर्क में प्रतिदिन लाखों यात्रियों की आवाजाही होती है। ऐसे में यात्रियों और मेट्रो परिसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करना CISF के लिए महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
छत्तीसगढ़ के 9 जिलों में SP-SSP रह चुके हैं
IPS संतोष सिंह छत्तीसगढ़ के नौ जिलों—रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, राजनांदगांव, कोरिया, रायगढ़, महासमुंद, नारायणपुर और कोंडागांव में SP-SSP के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा वे सुकमा में ASP और दुर्ग में CSP की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। वे सामुदायिक पुलिसिंग के लिए भी पहचाने जाते हैं।
हैदराबाद में भी संभाल चुके हैं अहम जिम्मेदारी
केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के दौरान संतोष सिंह हैदराबाद में DIG साउथ जोन-2 के पद पर कार्यरत थे। वहां उन्होंने औद्योगिक एवं रणनीतिक प्रतिष्ठानों और पूर्वी तट के बंदरगाहों की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी जिम्मेदारियां संभालीं।
दिल्ली मेट्रो में नई भूमिका
हैदराबाद में सुरक्षा प्रबंधन का अनुभव हासिल करने के बाद अब संतोष सिंह को दिल्ली मेट्रो की सुरक्षा का दायित्व सौंपा गया है। बड़े सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क में यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही और मेट्रो परिसरों की सुरक्षा उनकी नई जिम्मेदारी का अहम हिस्सा होगी।






