Raipur Girls College Protest: रायपुर के गर्ल्स कॉलेज में छात्राओं का प्रदर्शन, बोलीं- वॉशरूम में पानी नहीं, पैड मशीन भी खराब

Raipur News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के शासकीय डिग्री गर्ल्स कॉलेज में बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर गुरुवार को छात्राओं ने प्रदर्शन किया। NSUI के साथ छात्राओं ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सैनेटरी पैड मशीन, वॉशरूम, पंखे-लाइट, वाटर कूलर, लाइब्रेरी और खेल मैदान सहित कई सुविधाएं दुरुस्त करने की मांग उठाई।
वॉशरूम में पानी और सफाई की समस्या
छात्राओं का कहना है कि कॉलेज के वॉशरूम में पानी और सफाई की उचित व्यवस्था नहीं है। B.Sc. फर्स्ट सेमेस्टर की छात्रा खुशबू नायक ने बताया कि छह से सात घंटे कॉलेज में रहने के दौरान खराब वॉशरूम व्यवस्था के कारण छात्राओं को परेशानी होती है। उन्होंने यह भी कहा कि सैनेटरी पैड मशीन इस्तेमाल करने की स्थिति में नहीं है।
4 हजार छात्राएं, लाइब्रेरी में सीटों की कमी
B.Sc. फर्स्ट सेमेस्टर की छात्रा निधि साहू के मुताबिक, कॉलेज में करीब चार हजार छात्राएं पढ़ती हैं, लेकिन लाइब्रेरी में पर्याप्त सीटें नहीं हैं। छात्राओं ने पढ़ाई के लिए अधिक जगह और नई व अपडेटेड किताबें उपलब्ध कराने की मांग की।
पंखे-लाइट खराब, वाटर कूलर की सफाई पर सवाल
प्रदर्शनकारी छात्राओं ने बताया कि कई क्लासरूम में पंखे ठीक से नहीं चलते और लाइट भी खराब हैं। इससे पढ़ाई प्रभावित होती है। वहीं, वाटर कूलर से मिलने वाले पानी की सफाई को लेकर भी छात्राओं ने चिंता जताई और व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की।
15 दिन का अल्टीमेटम, दोबारा प्रदर्शन की चेतावनी
NSUI जिला उपाध्यक्ष वैभव मुजेवार ने दावा किया कि कॉलेज में करीब चार हजार छात्राओं के लिए केवल दो वॉशरूम हैं। इनमें एक का दरवाजा नहीं है, जबकि दूसरे में पानी की समस्या है। उन्होंने सैनेटरी पैड मशीन पिछले छह से सात महीने से खराब होने की बात भी कही। NSUI ने चेतावनी दी कि 15 दिन के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो प्राचार्य कार्यालय के सामने धरना दिया जाएगा।
NSUI शुरू करेगा ‘कॉलेज बचाओ अभियान’
वैभव मुजेवार ने कहा कि NSUI जल्द ही ‘कॉलेज बचाओ अभियान’ शुरू करेगा। छात्राओं ने भवन के नवीनीकरण, NCC भवन और खेल मैदान जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई। अब इन मांगों पर कॉलेज प्रशासन की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर नजर रहेगी।






