रायगढ़

Raigarh News: रायगढ़ में दो बाइक चोरी, रेलवे स्टेशन और अस्पताल के बाहर से मोटरसाइकिल पार; पुलिस ने दर्ज किया मामला

Advertisement

रायगढ़। शहर में बाइक चोरी की दो अलग-अलग घटनाओं ने वाहन सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। एक घटना में रेलवे स्टेशन के सामने खड़ी मजदूर की मोटरसाइकिल चोरी हो गई, जबकि दूसरी घटना में अस्पताल में दवा लेने पहुंचे ट्रक चालक की बाइक गायब हो गई। दोनों मामले सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के हैं। शिकायतों के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रेलवे स्टेशन के सामने से मजदूर की बाइक चोरी

पहली घटना में तमनार थाना क्षेत्र के ग्राम बांजीखोल मिलूपारा निवासी किरण भगत की मोटरसाइकिल चोरी हो गई। किरण भगत रोजी-मजदूरी करते हैं। जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 6:30 बजे वह अपनी सीबी साइन बाइक क्रमांक CG-13-Y-9123 से रायगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंचे थे।

उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल स्टेशन के सामने खड़ी की और टिकट लेने चले गए। करीब आधे घंटे बाद वापस लौटे तो बाइक गायब मिली। उन्होंने आसपास काफी तलाश की, लेकिन मोटरसाइकिल का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई।

अस्पताल में दवा लेने गया ट्रक चालक, बाहर से बाइक गायब

दूसरी घटना भगवानपुर निवासी धर्मेंद्र विश्वकर्मा के साथ हुई। पेशे से ट्रक चालक धर्मेंद्र बुधवार शाम अपनी हीरो डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG-13-AW-6538 से गौरी शंकर मंदिर रोड स्थित दिलीप सा अस्पताल पहुंचे थे।

वह दवा लेने के लिए मोटरसाइकिल अस्पताल के नीचे खड़ी कर ऊपर चले गए। कुछ देर बाद वापस लौटने पर उनकी बाइक वहां नहीं मिली। आसपास तलाश करने के बावजूद मोटरसाइकिल का पता नहीं चलने पर उन्होंने सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई।

बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज

दोनों शिकायतों पर सिटी कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत अलग-अलग अपराध दर्ज किए हैं।

पुलिस चोरी गई दोनों मोटरसाइकिलों का पता लगाने और आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button