मुख्यमंत्री निवास में गरबा महोत्सव की धूम, मां दुर्गा की आराधना में झूमे मातृशक्ति और गुजराती समाज के लोग

रायपुर। मुख्यमंत्री निवास में नवरात्रि के अवसर पर भक्ति, गरबा और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में आयोजित गरबा महोत्सव में बड़ी संख्या में माताओं-बहनों, बेटियों और गुजराती समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। पारंपरिक परिधानों में सजे प्रतिभागियों ने गरबा की मनमोहक प्रस्तुतियों से पूरे परिसर को भक्तिमय बना दिया।
मां दुर्गा की आराधना कर मुख्यमंत्री ने दीं शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं को शारदीय नवरात्रि की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
भक्ति संगीत और गरबा की पारंपरिक धुनों के बीच प्रतिभागियों ने मां दुर्गा के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। आयोजन में महिलाओं और युवतियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी विशेष आकर्षण रही।
नारी सम्मान और सशक्तीकरण का संदेश देता है नवरात्रि पर्व
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नवरात्रि शक्ति की आराधना, श्रद्धा और भक्ति के साथ नारी सम्मान का महापर्व है। सनातन संस्कृति में नारी को शक्ति का स्वरूप माना गया है। यह पर्व मातृशक्ति के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तीकरण के प्रति हमारे दायित्वों का स्मरण कराता है।
उन्होंने कहा कि गरबा मां दुर्गा के प्रति श्रद्धा और भक्ति की सुंदर अभिव्यक्ति होने के साथ देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक भी है। गुजरात से निकली गरबा की परंपरा आज पूरे देश में उत्साह के साथ मनाई जाती है। ऐसे आयोजन भारत की सांस्कृतिक विविधता में एकता के भाव को मजबूत करते हैं।
कई मंत्री और गुजराती समाज के प्रतिनिधि रहे मौजूद
गरबा महोत्सव में कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा, खाद्य मंत्री दयालदास बघेल और तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब सहित विभिन्न आयोगों और मंडलों के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष उपस्थित रहे।
इसके अलावा सर्व गुजराती समाज छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतेश गांधी, पूर्व विधायक एवं एन.आर. गुजराती एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष देवजी पटेल, गुजराती स्कूल के अध्यक्ष जयंती पटेल सहित गुजराती समाज के अनेक गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
मुख्यमंत्री निवास में आयोजित इस गरबा महोत्सव ने नवरात्रि की धार्मिक आस्था, नारी सम्मान और सांस्कृतिक एकता के संदेश को उत्सव के माध्यम से प्रस्तुत किया।






