राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 22-23 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ दौरे पर, 23 को जगदलपुर में मुरिया दरबार में होंगी शामिल

रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का 22 और 23 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ प्रवास प्रस्तावित है। अपने प्रवास के दौरान राष्ट्रपति 23 अक्टूबर को जगदलपुर पहुंचेंगी और वहां आयोजित मुरिया दरबार में शामिल होंगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि राष्ट्रपति का बस्तर आगमन पूरे प्रदेश के लिए प्रसन्नता और गौरव का अवसर है।
राष्ट्रपति को बस्तर आने का दिया था आमंत्रण
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान बताया कि राष्ट्रपति को छत्तीसगढ़ प्रवास के लिए आमंत्रित किया गया था। इससे पहले बस्तर के मांझी-चालकी प्रतिनिधियों से मुलाकात के दौरान भी राष्ट्रपति से बस्तर आने का आग्रह किया गया था। मुख्यमंत्री के अनुसार, राष्ट्रपति ने इस निमंत्रण को सहर्ष स्वीकार किया था।
नक्सल हिंसा प्रभावितों को सहायता देना सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने नक्सली हिंसा से प्रभावित लोगों और अन्य दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित करने के कार्यक्रम का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दंतेवाड़ा में आयोजित शिविर को संबोधित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि नक्सली हिंसा से प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे सम्मान और आत्मविश्वास के साथ अपना जीवन आगे बढ़ा सकें।
महिला क्रिकेट मैच को लेकर भी जताई खुशी
छत्तीसगढ़ में पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मैच आयोजित होने को मुख्यमंत्री ने प्रदेश के लिए खुशी का विषय बताया। भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच होने वाली टी-20 श्रृंखला के मुकाबलों में महिला दर्शकों के लिए प्रवेश निःशुल्क रखे जाने का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश की माताओं, बहनों और बेटियों को अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने और उनसे प्रेरणा लेने का अवसर मिलेगा।
राष्ट्रपति का प्रस्तावित बस्तर दौरा, नक्सल हिंसा प्रभावितों के लिए सहायता और महिला क्रिकेट को प्रोत्साहन देने जैसे विषयों को मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के लिए महत्वपूर्ण बताया।






