राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 22-23 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ दौरे पर, रायपुर में जारी करेंगी 200 रुपये का स्मारक सिक्का

जगदलपुर में मां दंतेश्वरी मंदिर में करेंगी पूजा-अर्चना, बस्तर दशहरा और मुरिया दरबार के कार्यक्रम में होंगी शामिल
रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का 22 और 23 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ प्रवास प्रस्तावित है। इस दौरान वे रायपुर और जगदलपुर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगी। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर विस्तृत कार्यक्रम जारी किया गया है। प्रवास के दौरान रायपुर में वे पूज्य माता हासी देवी जी के सम्मान में 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी करेंगी। वहीं, जगदलपुर में मां दंतेश्वरी मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद बस्तर दशहरा के प्रमुख आयोजनों में हिस्सा लेंगी।
22 अक्टूबर को रायपुर में होंगे दो प्रमुख कार्यक्रम
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 22 अक्टूबर को दोपहर 12:45 बजे रायपुर स्थित लोक भवन पहुंचेंगी। यहां आयोजित कार्यक्रम में पूज्य माता हासी देवी जी के सम्मान में 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी किया जाएगा।
इसी दिन शाम 4 बजे राष्ट्रपति रायपुर के इंडोर स्टेडियम में नुआखाई पर्व के अवसर पर आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इस कार्यक्रम के अंतर्गत सेवा सम्मान पर्व और युवा प्रबोधन कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
मां दंतेश्वरी मंदिर में दर्शन के बाद मुरिया दरबार में होंगी शामिल
राष्ट्रपति 23 अक्टूबर को सुबह 11 बजे जगदलपुर स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगी। इसके बाद दोपहर 12:45 बजे वे मुरिया दरबार और बस्तर दशहरा के अवसर पर आयोजित सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल होंगी।
बस्तर दशहरा छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और विशिष्ट परंपराओं का प्रतीक है। करीब 75 दिनों तक चलने वाले इस पर्व की अनूठी परंपराएं इसे देश के अन्य दशहरा आयोजनों से अलग पहचान दिलाती हैं। राष्ट्रपति की उपस्थिति से इस ऐतिहासिक और सांस्कृतिक आयोजन को राष्ट्रीय स्तर पर विशेष महत्व मिलने की उम्मीद है।
राष्ट्रपति के दौरे की तैयारियों की समीक्षा
राष्ट्रपति के प्रस्तावित प्रवास को लेकर मुख्य सचिव विकासशील ने अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, प्रोटोकॉल, आवास, स्वास्थ्य सुविधाओं और परिवहन सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों और प्रोटोकॉल के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं। कार्यक्रमों के बेहतर समन्वय के लिए संस्कृति विभाग को नोडल विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
केंद्रीय राज्यमंत्री और संस्कृति मंत्री ने दिया था आमंत्रण
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को बस्तर दशहरा में शामिल होने के लिए केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू और छत्तीसगढ़ के संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने मुलाकात कर आमंत्रित किया था।
राष्ट्रपति का प्रस्तावित दौरा छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत, जनजातीय परंपराओं और बस्तर की विशिष्ट पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। रायपुर और जगदलपुर में होने वाले कार्यक्रमों को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।






