राजस्थान में भीषण सड़क हादसा: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर नाले में गिरी मिनी बस, 8 यात्रियों की मौत, 10 घायल

भोपाल से खाटू श्याम जी के दर्शन के लिए जा रहे थे यात्री, सिमलिया थाना क्षेत्र में हुआ हादसा
कोटा। राजस्थान के कोटा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। 25 से अधिक यात्रियों को लेकर जा रही एक ट्रैवल्स मिनी बस पुलिया से नीचे नाले में जा गिरी। इस हादसे में आठ यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हो गए।
पुलिया से नीचे नाले में गिरी बस
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा शनिवार सुबह सिमलिया थाना क्षेत्र में कराडिया के पास हुआ। यात्रियों से भरी मिनी बस अचानक पुलिया से नीचे नाले में गिर गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
खाटू श्याम जी के दर्शन के लिए जा रहे थे यात्री
बताया जा रहा है कि बस में सवार यात्री मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से राजस्थान स्थित खाटू श्याम जी के दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह भीषण दुर्घटना हो गई। हादसे में आठ लोगों की जान चली गई, जबकि 10 अन्य घायल हो गए।






