नवा रायपुर जंगल सफारी में 25 वर्षीय हिमालयन भालू ‘फफोरी’ की मौत, वृद्धावस्था बनी वजह

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी नवा रायपुर स्थित नंदनवन जू एवं जंगल सफारी से दुखद खबर सामने आई है। यहां रह रही 25 वर्षीय मादा हिमालयन भालू ‘फफोरी’ की 19 अक्टूबर 2026 की मध्यरात्रि में मौत हो गई। जंगल सफारी प्रबंधन के अनुसार, उसकी मृत्यु का कारण वृद्धावस्था है। फफोरी के निधन से उसकी देखभाल में जुटे कर्मचारियों में शोक का माहौल है।
वर्ष 2012 में गुवाहाटी से लाई गई थी फफोरी
जंगल सफारी प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार, फफोरी को वर्ष 2012 में वन्यप्राणी आदान-प्रदान कार्यक्रम के तहत असम के गुवाहाटी स्थित चिड़ियाघर से नवा रायपुर लाया गया था। उस समय उसकी उम्र 12 वर्ष थी। इसके बाद से वह नंदनवन जू एवं जंगल सफारी में रह रही थी।
पोस्टमार्टम के बाद विधिवत अंतिम संस्कार
फफोरी की मौत के बाद वन्यप्राणी चिकित्साधिकारी ने नियमानुसार उसका पोस्टमार्टम किया। इसके बाद जंगल सफारी प्रबंधन और वन्यजीवों की देखभाल से जुड़े कर्मचारियों की उपस्थिति में उसे श्रद्धांजलि अर्पित की गई और विधिवत अंतिम संस्कार किया गया।
इस दौरान नंदनवन जू एवं जंगल सफारी के संचालक सह-वनमंडलाधिकारी पंकज राजपूत, सहायक संचालक सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, पशुपालक और सुरक्षा कर्मचारी मौजूद रहे।
प्रबंधन ने जताया दुख
फफोरी के निधन पर जंगल सफारी प्रबंधन और उसकी देखरेख करने वाले कर्मचारियों ने गहरा दुख व्यक्त किया। प्रबंधन ने कहा कि वन्यजीवों की नियमित देखभाल, स्वास्थ्य निगरानी और संरक्षण के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाती हैं। वन्यजीवों के स्वास्थ्य और कल्याण को ध्यान में रखते हुए उनकी लगातार निगरानी की जाती है।






