छत्तीसगढ़

हसदेव नदी में आरक्षक ने लगाई छलांग! पुल पर मिली बाइक, मोबाइल, पर्स और पुलिस आईकार्ड

Advertisement

कोरबा के केंदई के पास की घटना, सरगुजा में पदस्थ 31 वर्षीय आरक्षक की तलाश में जुटी पुलिस; तेज बहाव के चलते रात में रेस्क्यू में आई बाधा

कोरबा। कोरबा जिले के मोरगा चौकी क्षेत्र अंतर्गत केंदई के पास हसदेव नदी पर बने पुल से एक आरक्षक के छलांग लगाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि आरक्षक ने पुल के बीच अपनी बाइक खड़ी की और करीब 25 फीट नीचे नदी में छलांग लगा दी। मौके पर बाइक के ऊपर उसका मोबाइल, पर्स, पुलिस पहचान पत्र और आधार कार्ड मिला है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लापता आरक्षक की तलाश शुरू कर दी गई।

सरगुजा जिले में पदस्थ है आरक्षक

नदी में छलांग लगाने वाले आरक्षक की पहचान 31 वर्षीय सुनील बेक के रूप में हुई है। वह सरगुजा जिले के प्रेमनगर थाना अंतर्गत तारापुर चौकी में आरक्षक के पद पर पदस्थ है। घटनास्थल पर उसकी बाइक क्रमांक सीजी 14 एमएक्स 1898 खड़ी मिली। बाइक के पास मिले सामान और दस्तावेजों से उसकी पहचान की पुष्टि हुई। हालांकि, आरक्षक ने किन परिस्थितियों में नदी में छलांग लगाई, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही मोरगा चौकी प्रभारी मंगतू राम पुलिस स्टाफ के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर घटनाक्रम की जानकारी जुटाई और उच्च अधिकारियों को सूचित किया। बाइक के पास मिले दस्तावेजों को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस संबंधित अधिकारियों और परिजनों तक भी सूचना पहुंचाने की प्रक्रिया में जुटी है।

तेज बहाव के कारण रात में रेस्क्यू में परेशानी, सुबह तेज होगा अभियान

मोरगा चौकी प्रभारी मंगतू राम के अनुसार, सूचना मिलते ही आरक्षक के पहचान पत्र के आधार पर संबंधित थाना-चौकी को अवगत करा दिया गया। हसदेव नदी में लापता आरक्षक की तलाश के लिए एसडीआरएफ के गोताखोरों की टीम को बुलाया गया है। नदी में पानी की अधिकता और तेज बहाव के कारण रात के अंधेरे में तलाशी अभियान चलाना चुनौतीपूर्ण हो रहा है। ऐसे में सुबह होते ही गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू अभियान तेज किया जाएगा। फिलहाल आरक्षक का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और बचाव दल उसकी तलाश में जुटे हैं। आरक्षक के नदी में छलांग लगाने के पीछे की वजह भी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button