मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज महासमुंद और दुर्ग जिले के दौरे पर, रामचंडी दिवस और मड़ई मेला सम्मेलन में होंगे शामिल

अहिवारा में विभिन्न विकास कार्यों का करेंगे लोकार्पण-शिलान्यास, शाम 4:55 बजे मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे
रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शनिवार, 24 अक्टूबर को महासमुंद और दुर्ग जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे महासमुंद जिले के बसना विकासखंड अंतर्गत गढ़फुलझर में आयोजित रामचंडी दिवस-2026 कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद दुर्ग जिले के अहिवारा में आयोजित मड़ई मेला सम्मेलन में शिरकत करेंगे। यहां मुख्यमंत्री क्षेत्रवासियों को विभिन्न विकास कार्यों की सौगात देते हुए कई कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे की निर्धारित समय-सारणी जारी कर दी गई है।
गढ़फुलझर में रामचंडी दिवस कार्यक्रम में होंगे शामिल
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सुबह 11:30 बजे मुख्यमंत्री निवास, रायपुर से रवाना होंगे। सुबह 11:40 बजे वे पुलिस लाइन हेलीपैड से हेलीकॉप्टर द्वारा महासमुंद जिले के बसना विकासखंड के लिए प्रस्थान करेंगे। दोपहर 12:30 बजे मुख्यमंत्री गढ़फुलझर पहुंचकर रामचंडी दिवस-2026 कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान वे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में सहभागिता करेंगे।
कार्यक्रम के बाद दोपहर 1:50 बजे मुख्यमंत्री गढ़फुलझर से रवाना होंगे और दोपहर 2 बजे हेलीकॉप्टर से रायपुर के लिए प्रस्थान करेंगे। दोपहर 2:40 बजे वे नवा रायपुर स्थित पुलिस मुख्यालय के हेलीपैड पहुंचेंगे।
अहिवारा में मड़ई मेला सम्मेलन, विकास कार्यों की देंगे सौगात
मुख्यमंत्री दोपहर 2:45 बजे दुर्ग जिले के अहिवारा के लिए रवाना होंगे। दोपहर 3:05 बजे वे शिवराम मैदान स्थित हेलीपैड पहुंचेंगे। इसके बाद दोपहर 3:15 बजे कॉलेज ग्राउंड में आयोजित मड़ई मेला सम्मेलन में शामिल होंगे। सम्मेलन के दौरान क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा। कार्यक्रम शाम 4:15 बजे तक निर्धारित है।
शाम 4:55 बजे मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे
अहिवारा में कार्यक्रम संपन्न होने के बाद मुख्यमंत्री शाम 4:25 बजे शिवराम मैदान हेलीपैड से हेलीकॉप्टर द्वारा रायपुर के लिए रवाना होंगे। शाम 4:45 बजे वे पुलिस लाइन हेलीपैड पहुंचेंगे। इसके बाद शाम 4:55 बजे मुख्यमंत्री निवास लौटने का कार्यक्रम निर्धारित है।






