रजत महोत्सव-2025 : रायगढ़ में ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ योजना के तहत जरूरतमंद बालिकाओं को स्टेशनरी वितरित

रायगढ़। छत्तीसगढ़ राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मनाए जा रहे रजत महोत्सव-2025 के अंतर्गत आज जिले में सामाजिक और शैक्षणिक कार्यक्रमों की श्रृंखला जारी रही। इसी कड़ी में कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशन में शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, चांदमारी रायगढ़ में जरूरतमंद एवं गरीब बालिकाओं को स्टेशनरी सामग्री का वितरण किया गया।
जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सुषमा खलखो, पार्षद श्री अमित शर्मा सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सुषमा खलखो ने कहा कि बेटियों को आत्मनिर्भर और शिक्षित बनाने में यह योजना एक मजबूत आधार है। उन्होंने अभिभावकों और छात्राओं से आग्रह किया कि वे इस योजना का अधिक से अधिक लाभ लें और बालिकाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें।
पार्षद अमित शर्मा ने कहा कि “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ” योजना सरकार की एक महत्वपूर्ण और दूरदर्शी पहल है। इससे चांदमारी क्षेत्र की बालिकाओं को लाभ मिलना गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि जब बेटियां पढ़ेंगी, तभी समाज तरक्की करेगा।
फीस भी जमा कराई जा रही
इस दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी (महिला एवं बाल विकास) श्री एल.आर. कच्छप ने जानकारी दी कि इस योजना के तहत जरूरतमंद बालिकाओं की शालेय फीस भी सरकार द्वारा जमा कराई जा रही है। उन्होंने छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने की प्रेरणा दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में रही सक्रिय भागीदारी
कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती दिप्ती अग्रवाल, शिक्षक भरतलाल नामदेव, ई. टोप्पो, नंद कुमार पटेल सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित थे।
इसके साथ ही महिला एवं बाल विकास मिशन सशक्तिकरण से श्रीमती सरिता सिन्हा, सुश्री उत्तरा सिदार एवं श्री अश्विनी कुमार साव ने भी अपनी सक्रिय भागीदारी दी।












