Chhattisgarh News: भारत की आर्थिक विकास दर 7% रहने का अनुमान, सीएम विष्णुदेव साय बोले—वैश्विक चुनौतियों के बीच मजबूत हो रही अर्थव्यवस्था

आईएमएफ के अनुमान का मुख्यमंत्री ने किया उल्लेख, कहा—प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आर्थिक सुधारों और बुनियादी ढांचे में निवेश से देश की विकास यात्रा को मिली गति
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के भारत की आर्थिक विकास दर को लेकर जारी अनुमान पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच भी आर्थिक प्रगति के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।
2026 और 2027 में 7 प्रतिशत विकास दर का अनुमान
मुख्यमंत्री साय ने अपने पोस्ट में कहा कि आईएमएफ ने वर्ष 2026 और 2027 में भारत की आर्थिक विकास दर 7 प्रतिशत रहने का अनुमान जताया है। वहीं, वर्ष 2026 में वैश्विक आर्थिक विकास दर 3.1 प्रतिशत रहने का अनुमान बताया गया है।
उन्होंने कहा कि भारत और वैश्विक अर्थव्यवस्था की विकास दर के बीच यह अंतर देश की आर्थिक मजबूती और वैश्विक चुनौतियों का सामना करने की क्षमता को दर्शाता है।
आर्थिक सुधारों और बुनियादी ढांचे में निवेश का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते वर्षों में किए गए आर्थिक सुधारों, अधोसंरचना में निवेश, डिजिटल अर्थव्यवस्था के विस्तार और विनिर्माण क्षेत्र को प्रोत्साहन देने जैसे प्रयासों से देश की विकास यात्रा को गति मिली है। उद्यमिता के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने से भी आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिला है।
उन्होंने कहा कि भारत वैश्विक अर्थव्यवस्था में अपनी स्थिति मजबूत करने के साथ-साथ विश्व की आर्थिक वृद्धि में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
‘विकसित भारत @2047’ के लक्ष्य पर जोर
सीएम साय के अनुसार, भारत की आर्थिक प्रगति वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य की दिशा में उठाए जा रहे कदमों को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर, सशक्त और समृद्ध भारत के निर्माण की दिशा में प्रयास जारी हैं।
‘विकसित भारत–विकसित छत्तीसगढ़’ के लिए सरकार प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ भी विकसित भारत के संकल्प में अपनी भागीदारी निभा रहा है। राज्य सरकार ‘विकसित भारत–विकसित छत्तीसगढ़’ के लक्ष्य के अनुरूप निवेश, उद्योग, अधोसंरचना, रोजगार और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए काम कर रही है।






