ट्रेलर की चपेट में आने से बिजली मिस्त्री के 20 वर्षीय पुत्र की मौत, चालक फरार

रायगढ़। शहर के छातामुड़ा चौक से सारंगढ़ जाने वाले मार्ग पर सौरभ इलेक्ट्रॉनिक्स के सामने सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार 20 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही जूटमिल पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
मिली जानकारी के अनुसार जूटमिल थाना क्षेत्र के ग्राम कोड़ातराई निवासी छबिनाथ साहू पिता हेमकुमार साहू (20 वर्ष) ने आईटीआई की पढ़ाई पूरी करने के बाद इलेक्ट्रॉनिक काम शुरू किया था। सोमवार सुबह वह किसी काम से दूसरे की बाइक लेकर रायगढ़ आया था। काम पूरा करने के बाद दोपहर में बाइक से अपने गांव कोड़ातराई लौट रहा था।
इसी दौरान छातामुड़ा चौक से सारंगढ़ मार्ग पर सौरभ इलेक्ट्रॉनिक्स के सामने तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक ट्रेलर की चपेट में आकर बुरी तरह कुचल गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद बाइक भी दूर जा गिरी।
हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर भागा
दुर्घटना होते देख आसपास के व्यवसायी और अन्य लोग तत्काल मौके पर पहुंचे। इसी दौरान ट्रेलर चालक मौका पाकर वाहन छोड़कर फरार हो गया। लोगों ने घटना की सूचना जूटमिल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की।
पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना देने के बाद शव को मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा। देर शाम मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस के अनुसार परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर ट्रेलर चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया गया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।






