दहेज के लिए विवाहिता से मारपीट का आरोप, पति समेत ससुराल के चार लोगों पर केस

नकद, बाइक और जेवरात की मांग पूरी नहीं होने पर प्रताड़ित करने का आरोप
रायगढ़। खरसिया थाना क्षेत्र में दहेज की मांग को लेकर एक विवाहिता को प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। महिला ने अपने पति सहित ससुराल पक्ष के चार लोगों पर दहेज के लिए ताना मारने, मारपीट करने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
2022 में हुई थी शादी
पुलिस के अनुसार, माहौपाली खरसिया चौकी क्षेत्र निवासी सलीमा टोप्पो (37) ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। महिला ने बताया कि उसका विवाह 18 मई 2022 को स्वर्णदीप एक्का के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी के कुछ ही दिनों बाद से पति स्वर्णदीप एक्का, ससुर सरदार राम, जेठ अमरदीप और सास हराज्योति एक्का दहेज को लेकर उसे ताने देने लगे।
महिला के मुताबिक, ससुराल पक्ष की ओर से दहेज नहीं लाने की बात कहकर लगातार उसे परेशान किया जाता था।
गर्भवती होने के बाद बढ़ी परेशानी
शिकायत के अनुसार, विवाह के कुछ समय बाद महिला गर्भवती हुई। आरोप है कि इसके बाद अगस्त महीने में पति ने उस पर गर्भ गिराने का दबाव बनाया। महिला ने ऐसा करने से इनकार किया तो पति ने उसके साथ मारपीट की।
महिला का आरोप है कि इस दौरान जेठ, सास और ससुर भी पति का पक्ष लेते हुए उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट करते थे।
नकद, बाइक और जेवरात की मांग का आरोप
महिला ने पुलिस को दी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि पति और ससुराल पक्ष की ओर से दहेज में नकद राशि, बाइक और जेवरात की मांग की जाती थी। मांग पूरी नहीं होने पर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया।
लगातार विवाद और कथित प्रताड़ना से परेशान होकर महिला ने पुलिस की शरण ली।
पुलिस ने शुरू की जांच
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच की। जांच के आधार पर पति सहित ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस अब मामले से जुड़े आरोपों, घटनाक्रम और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।






