दशहरे पर पुलिस ने की शस्त्र पूजा, AK-47 से हवाई फायरिंग कर निभाई परंपरा, IPS अंकिता शर्मा का दिखा अलग अंदाज

राजनांदगांव: देशभर में दशहरे का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। हिंदू धर्म में दशहरा यानी विजयादशमी का खास महत्व है। ये त्योहार बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की जीत का प्रतीक माना जाता है। इस मौके पर आज छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में रक्षित आरक्षित केंद्र में पुलिस विभाग ने विशेष पूजा अर्चना की है।
शस्त्र पूजा का आयोजन
पुलिस विभाग ने परंपरागत रूप से शस्त्र पूजा का आयोजन किया। इस दौरान विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर शस्त्रों, वाहनों और सुरक्षा में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों की पूजा की गई। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और पुलिसकर्मी शामिल हुए।
विजयादशमी को बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक माना जाता है। इसी दिन पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों में शस्त्र पूजा की परंपरा भी निभाई जाती है। राजनांदगांव के रक्षित आरक्षित केंद्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस के हथियारों और अन्य संसाधनों की पूजा कर सुरक्षा एवं कर्तव्य के प्रति समर्पण का संदेश दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने की फायरिंग
इस अवसर पर धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए और परंपरा के अनुसार बलि की रस्म भी निभाई गई। शस्त्र पूजा के दौरान IPS अंकिता शर्मा ने गन फायर किया। पूजा-अर्चना के बाद AK-47 राइफल से हवाई फायरिंग की। इस दौरान पुलिस विभाग के अधिकारी और जवान मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम में पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन किया गया।






