
रायगढ़। जुआ-सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन अंकुश के तहत रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जंगल में जुआ खेल रहे 8 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई रैरुमाखुर्द और लैलूंगा पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम भालूपखना जंगल में की।
मौके से नगदी और वाहन जब्त
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन तथा एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी और एसडीओपी धरमजयगढ़ श्री सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने भालूपखना जंगल में जुआ खेल रहे आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया। पुलिस ने जुआ फड़ और आरोपियों के कब्जे से 11,400 रुपये नगद, 52 पत्ती ताश, 3 मोटरसाइकिल, 3 मोबाइल फोन और लाल रंग की छींटदार दरी बरामद की है।
जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ चौकी रैरुमाखुर्द, थाना धरमजयगढ़ में धारा 3(2) छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि जिले में जुआ-सट्टा जैसी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।






