छत्तीसगढ़

डिजिटल क्रॉप सर्वे में सारंगढ़-बिलाईगढ़ प्रदेश में अव्वल

Advertisement

88.45 प्रतिशत कार्य पूरा, 47,350 प्लॉटों का सर्वे; प्रदेश स्तरीय रिपोर्ट में जिले ने हासिल किया शीर्ष स्थान

सारंगढ़-बिलाईगढ़। तकनीक के प्रभावी इस्तेमाल और बेहतर प्रशासनिक निगरानी के दम पर नवगठित सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। कृषि क्षेत्र को आधुनिक, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए संचालित डिजिटल क्रॉप सर्वे के क्रियान्वयन में जिले ने प्रदेश में बेहतर प्रदर्शन करते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया है।

प्रदेश स्तरीय रिपोर्ट के अनुसार जिले में 87 प्रतिशत कार्य पूर्णता के साथ सारंगढ़-बिलाईगढ़ पहले स्थान पर है। वहीं 86 प्रतिशत के साथ खैरागढ़ दूसरे और 81 प्रतिशत प्रगति के साथ कोरिया तीसरे स्थान पर है।

53,524 लक्षित प्लॉटों में 47,350 का सर्वे पूरा

मैदानी अमले की सक्रियता और प्रशासन की नियमित निगरानी के चलते जिले में डिजिटल क्रॉप सर्वे का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। जिले में कुल 53,524 लक्षित प्लॉटों में से 47,350 प्लॉटों का सर्वे पूरा किया जा चुका है। यह जिले की वास्तविक प्रगति को 88.45 प्रतिशत तक पहुंचाता है।

सर्वे के साथ-साथ डेटा सत्यापन और अनुमोदन की प्रक्रिया में भी तेजी लाई गई है। अब तक 35,476 मामलों को अनुमोदित किया जा चुका है।

सारसींवा तहसील सबसे आगे

जिले की सभी छह तहसीलों में डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य तेजी से चल रहा है। इनमें सारसींवा तहसील 93.27 प्रतिशत प्रगति के साथ सबसे आगे है। इसके बाद भटगांव तहसील ने 93.15 प्रतिशत सर्वे पूरा कर दूसरा बेहतर प्रदर्शन किया है।

जिले के प्रमुख राजस्व क्षेत्र सारंगढ़ ने भी 88.60 प्रतिशत सर्वे पूर्ण कर उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। इसके अलावा यहां 84.36 प्रतिशत अनुमोदन का आंकड़ा भी दर्ज किया गया है।

अन्य तहसीलों में भी तेजी से बढ़ रहा काम

सारिया, बिलाईगढ़ और बरमकेला तहसीलों में भी डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। इन क्षेत्रों में 84 से 86 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा हो चुका है। प्रशासन का लक्ष्य शेष प्लॉटों का सर्वे भी जल्द पूरा कर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करना है।

किसानों को योजनाओं का लाभ पहुंचाने में मिलेगी मदद

डिजिटल क्रॉप सर्वे के माध्यम से खेतों और फसलों से जुड़ी जानकारी का व्यवस्थित डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है। इससे कृषि क्षेत्र में पारदर्शिता बढ़ने के साथ भविष्य में किसानों को फसल बीमा दावों और विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने में सहायता मिलने की उम्मीद है।

राजस्व और कृषि विभाग की टीम शेष कार्य को पूरा करने के लिए लगातार मैदानी अमले के साथ समन्वय और नियमित समीक्षा कर रही है। प्रशासनिक स्तर पर निगरानी के चलते जिले ने डिजिटल क्रॉप सर्वे में प्रदेश में अपनी मजबूत स्थिति बनाई है।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button