देश विदेश

सावन के आखिरी सोमवार पर सिंहेश्वर धाम में मची भगदड़, छह श्रद्धालु घायल

Advertisement

मधेपुरा। सावन के आखिरी सोमवार के अवसर पर बिहार के मधेपुरा स्थित प्रसिद्ध सिंहेश्वर धाम मंदिर में सोमवार को अचानक भीड़ बढ़ने से अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। धक्का-मुक्की के दौरान कुछ श्रद्धालु नीचे गिर गए और दबने से कई लोग घायल हो गए। घायलों में चार महिलाएं और दो पुरुष शामिल बताए जा रहे हैं।

धक्का-मुक्की में पुलिसकर्मी भी घायल

घटना के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने में जुटा एक पुलिसकर्मी भी चोटिल हो गया। बताया जा रहा है कि धक्का-मुक्की के दौरान उसकी वर्दी तक फट गई। पुलिस और प्रशासन की टीम ने तत्काल स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।

छह श्रद्धालुओं को अस्पताल में कराया गया भर्ती

घायल चार महिलाओं और दो पुरुषों को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना के बाद मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और बढ़ा दी गई है।

प्रशासन ने संभाली स्थिति

सावन की अंतिम सोमवारी को लेकर मंदिर में पहले से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना थी। इसे देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। डीएम और एसपी भी व्यवस्थाओं पर नजर रख रहे थे। इसके बावजूद अचानक भीड़ बढ़ने से धक्का-मुक्की की स्थिति उत्पन्न हो गई।

पुलिस और प्रशासन की सक्रियता से कुछ ही समय में स्थिति पर काबू पा लिया गया। फिलहाल मंदिर परिसर में स्थिति सामान्य बताई जा रही है और श्रद्धालु दोबारा सामान्य तरीके से पूजा-अर्चना कर रहे हैं।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button