छत्तीसगढ़ में बढ़ा स्वाइन फ्लू का संक्रमण, H1N1 के 10 नए मरीज मिले; कुल आंकड़ा 115 पहुंचा

रायपुर में सबसे ज्यादा 54 संक्रमित, 28 मरीज एक्टिव; तीन नए जिलों में पहली बार सामने आया संक्रमण
रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू यानी H1N1 संक्रमण का फैलाव लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। स्वास्थ्य विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में 10 नए संक्रमित मरीज सामने आए हैं। इसके साथ ही राज्य में अब तक मिले स्वाइन फ्लू संक्रमितों की कुल संख्या 105 से बढ़कर 115 हो गई है। वहीं उपचाररत यानी एक्टिव मरीजों की संख्या भी 18 से बढ़कर 28 पहुंच गई है।
रायपुर में 3 नए केस
राजधानी रायपुर में स्वाइन फ्लू के तीन नए मरीज मिले हैं। इसके बाद जिले में संक्रमितों की कुल संख्या 54 हो गई है, जो पहले 51 थी। एक्टिव मरीजों का आंकड़ा भी 6 से बढ़कर 9 हो गया है।
रायपुर में संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच केंद्रीय जेल में पदस्थ एक अधिकारी के भी H1N1 संक्रमित होने की जानकारी सामने आई है। उनका इलाज रायपुर के रामकृष्ण हॉस्पिटल में चल रहा है।
दुर्ग और रायगढ़ में भी बढ़े मरीज
दुर्ग जिले में तीन नए संक्रमित मिले हैं। इसके बाद यहां कुल मरीजों की संख्या 10 हो गई है, जबकि एक्टिव केस बढ़कर 5 हो गए हैं।
रायगढ़ में दो नए मरीज मिलने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या 7 पहुंच गई है। जिले में फिलहाल 4 एक्टिव मरीज हैं।
बिलासपुर और सरगुजा में भी नए मरीज
बिलासपुर में एक नया H1N1 संक्रमित मिलने के बाद कुल मरीजों की संख्या 13 हो गई है। इनमें तीन मरीज फिलहाल एक्टिव हैं।
सरगुजा में भी एक नया मामला सामने आया है। इसके बाद जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 3 हो गई है और इनमें 1 एक्टिव मरीज है।
तीन नए जिलों में पहली बार पहुंचा संक्रमण
स्वाइन फ्लू का संक्रमण अब प्रदेश के उन जिलों तक भी पहुंच गया है, जहां पहले कोई मामला दर्ज नहीं हुआ था। बलौदाबाजार-भाटापारा, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और उत्तर बस्तर कांकेर में पहली बार एक-एक संक्रमित मिलने की जानकारी सामने आई है। तीनों मरीज फिलहाल एक्टिव बताए जा रहे हैं।
कई जिलों में पहले भी सामने आ चुके हैं मामले
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक धमतरी में अब तक 7 संक्रमित मिल चुके हैं, जिनमें 4 एक्टिव हैं। कोरबा में कुल 5 संक्रमितों में 1 एक्टिव मरीज है, जबकि बेमेतरा में 3 संक्रमितों में 1 मरीज एक्टिव है।
बस्तर में अब तक 2 मरीज मिल चुके हैं। वहीं दंतेवाड़ा, गरियाबंद, जांजगीर-चांपा, जशपुर, महासमुंद, एमसीबी, राजनांदगांव और सूरजपुर में एक-एक संक्रमित मरीज मिलने की जानकारी है। इन जिलों में फिलहाल कोई एक्टिव केस नहीं बताया गया है।
बढ़ते मामलों के बीच निगरानी जरूरी
प्रदेश में लगातार नए H1N1 संक्रमित सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग के सामने संक्रमण की निगरानी और समय पर उपचार सुनिश्चित करने की चुनौती बढ़ गई है। खासकर नए जिलों में संक्रमण पहुंचने के बाद स्थानीय स्तर पर सतर्कता और संदिग्ध मरीजों की समय पर जांच महत्वपूर्ण हो गई है।
स्वास्थ्य विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में अब तक 115 संक्रमित मिल चुके हैं, जिनमें 28 मरीज फिलहाल एक्टिव हैं।






