रायगढ़ में बारिश के बाद जलभराव, कई मार्ग प्रभावित; यातायात व्यवस्था सामान्य

रायगढ़। लगातार हो रही बारिश के कारण केलो डेम के गेट खोले जाने के बाद शहर के कुछ प्रमुख मार्गों और पुलों पर जलभराव की स्थिति निर्मित हो गई। इससे कुछ समय के लिए आवागमन प्रभावित रहा। जिला प्रशासन और पुलिस ने स्थिति पर नजर रखते हुए एसडीआरएफ समेत पुलिस बल को मौके पर तैनात किया।
कई प्रमुख मार्गों पर आवागमन हुआ प्रभावित
सर्किट हाउस से चक्रधरनगर जाने वाले मार्ग पर बेलादुला रपट्टा पुल, जूटमिल से चक्रधरनगर की ओर जाने वाले मार्ग पर कयाघाट पुल तथा चक्रपथ पर पानी भरने के कारण आवागमन अवरुद्ध हुआ। इन मार्गों के प्रभावित होने से चक्रधरनगर रेलवे फाटक और पंजरी प्लांट केलो पुल पर यातायात का दबाव बढ़ गया।
एसडीआरएफ और पुलिस बल मौके पर तैनात
स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन एवं पुलिस द्वारा एसडीआरएफ, थाना यातायात, थाना चक्रधरनगर, थाना जूटमिल तथा रिजर्व पुलिस लाइन के बल को यातायात व्यवस्था संभालने के लिए तैनात किया गया। पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर रहकर यातायात सुचारू बनाए रखने तथा आमजन की सुरक्षा के लिए लगातार प्रयास करती रहीं।
दोपहर 3 बजे के बाद यातायात सामान्य
प्रशासन और पुलिस के सतत प्रयासों के बाद दोपहर 3 बजे के बाद यातायात व्यवस्था सामान्य हो गई। जलस्तर कम होने के साथ स्थिति में और सुधार की संभावना जताई गई है। प्रशासन और पुलिस विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
जलभराव वाले मार्गों से बचने की अपील
रायगढ़ पुलिस ने आम नागरिकों से जलभराव वाले मार्गों पर अनावश्यक आवागमन से बचने की अपील की है। साथ ही यातायात के दौरान संयम एवं धैर्य बनाए रखने और मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने कहा गया है।
बोदाटिकरा मार्ग का कर सकते हैं उपयोग
चक्रधरनगर से शहर की ओर जाने वाले नागरिक फिलहाल वैकल्पिक मार्ग के रूप में बोदाटिकरा मार्ग का उपयोग कर सकते हैं।
रात 9 बजे से सुबह 6 बजे तक चक्रपथ बंद
प्रशासन ने बताया कि रात्रि 9 बजे से सुबह 6 बजे तक चक्रपथ मार्ग यातायात के लिए पूर्णतः बंद रहेगा। इस दौरान नागरिक इस मार्ग पर वाहनों का आवागमन न करें और वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करें।






