
पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल बोले – डबल इंजन सरकार ने हर मोर्चे पर रचा विकास का इतिहास, बस्तर से लेकर राजधानी तक बदलाव की लहर
मोदी जी के नेतृत्व में देश ने तय किया समावेशी विकास का मार्ग
रायगढ़, 19 जून 2025।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 11 वर्षों की उपलब्धियों पर रायगढ़ में आयोजित प्रेस वार्ता में पूर्व मंत्री एवं विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने छत्तीसगढ़ को नई दिशा दी है। देश में अंत्योदय की भावना को आगे बढ़ाते हुए हर वर्ग के जीवन में सुधार लाया गया है। अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की साख मजबूत हुई है, वहीं छत्तीसगढ़ में माओवाद पर लगाम और विकास की नई गाथा लिखी गई है।
डबल इंजन सरकार के आते ही तेजी से बदला छत्तीसगढ़
अमर अग्रवाल ने कहा कि किसानों को बकाया बोनस, ₹3100 प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य और 21 क्विंटल प्रति एकड़ की धान खरीदी जैसी घोषणाएं पूरी की गईं। सिर्फ पिछले साल ही रिकॉर्ड 149 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी हुई। वहीं, पीएम आवास योजना के तहत 26 लाख से अधिक मकान मंजूर हुए, जिनमें 15 लाख से अधिक पूरे हो चुके हैं।
महिलाओं और किसानों को मिला आर्थिक बल
राज्य सरकार 5.62 लाख भूमिहीन किसानों को हर साल ₹10,000 की सहायता दे रही है। वहीं महतारी वंदन योजना से 70 लाख महिलाओं को हर माह ₹1,000 की राशि दी जा रही है। अब तक किसानों के खाते में ₹1 लाख करोड़ से ज्यादा की राशि भेजी जा चुकी है।
नक्सलवाद पर कसा शिकंजा, 425 माओवादी ढेर
पिछले 1.5 वर्षों में 425 नक्सली मारे गए, 1388 ने आत्मसमर्पण किया और 1443 को गिरफ्तार किया गया। बड़े नक्सली नेता बसवराजू और सुधाकर जैसे आतंकियों को भी सुरक्षा बलों ने समाप्त किया। इससे बस्तर में शांति और विकास की दिशा में नया सूर्योदय हो रहा है।
जनजातीय विकास पर विशेष जोर
प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत छत्तीसगढ़ के 18 जिलों के 2121 गांवों में विकास हो रहा है। धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान से 6,691 आदिवासी ग्राम लाभान्वित हो रहे हैं। सड़कों, स्कूलों, और स्वास्थ्य सुविधाओं में निरंतर सुधार हो रहा है।
गरीबों, महिलाओं और किसानों के लिए योजनाएं बनी वरदान
36.76 लाख महिलाओं को उज्ज्वला योजना के तहत मुफ्त गैस कनेक्शन दिए गए हैं। 71 लाख परिवारों को मुफ्त राशन मिल रहा है। 26 लाख किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ मिल रहा है। वहीं, तेंदूपत्ता संग्राहकों का मानदेय 4,000 से बढ़ाकर ₹5,500 कर दिया गया है।
औद्योगिक नीति और निवेश को नया बल
नई औद्योगिक नीति से अब तक ₹5.5 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव आए हैं। सिंगल विंडो सिस्टम 2.0 के माध्यम से उद्योग स्थापना प्रक्रिया आसान हुई है। नवा रायपुर में ₹1100 करोड़ की लागत से सेमीकंडक्टर प्लांट और देश का पहला AI डेटा सेंटर पार्क बन रहा है।
भ्रष्टाचार पर अंकुश और पारदर्शी शासन
कोयला परिवहन परमिट, आबकारी लाइसेंसिंग और सरकारी खरीदी की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन कर दी गई है। PSC घोटाले की CBI जांच के निर्देश दिए गए हैं। जेम पोर्टल से पारदर्शी खरीद की व्यवस्था लागू हुई है।
रेल, सड़क और एक्सप्रेस-वे से जुड़ रहा नया छत्तीसगढ़
₹48,000 करोड़ से रेल सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। रायगढ़ सहित 32 रेलवे स्टेशनों को अमृत स्टेशन में बदला जा रहा है। 18,215 करोड़ की 37 सड़क परियोजनाएं प्रगति पर हैं। बिलासपुर-उरगा-पत्थलगांव और रायपुर-विशाखापत्तनम एक्सप्रेसवे राज्य को नई रफ्तार देंगे।
पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता में भी अग्रणी भूमिका
2.5 करोड़ पौधे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत लगाए गए हैं। स्वच्छ भारत अभियान से छत्तीसगढ़ के 17,000 गांव ODF प्लस घोषित हो चुके हैं। अक्षय ऊर्जा में छत्तीसगढ़ देश का नेतृत्व कर रहा है।
जनजातीय गौरव और सामाजिक समरसता की मिसाल
प्रधानमंत्री मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ घोषित कर जनजातीय सम्मान को नई पहचान दी है। देश की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु को सर्वोच्च पद तक पहुंचाना सामाजिक न्याय का जीवंत उदाहरण है।
विकसित भारत के लक्ष्य में छत्तीसगढ़ की प्रमुख भागीदारी
अमर अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के सपने को साकार करने में पूरी भूमिका निभाएगा। यहां का विजन डॉक्यूमेंट तैयार है और हर नागरिक की आकांक्षा को सरकार प्राथमिकता दे रही है।
प्रेस वार्ता में इन प्रमुख नेताओं की उपस्थिति
प्रेस वार्ता में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी शामिल रहे, जिनमें रजनीश सिंह, देवेंद्र प्रताप सिंह, राधेश्याम राठिया, अरुणधर दीवान, गुरुपाल सिंह भल्ला, विवेक रंजन सिन्हा, उमेश अग्रवाल, दीपक ठाकुर, गिरधर गुप्ता, सतीशचंद्र बेहरा, गोपाल शर्मा एवं सुभाष पांडे उपस्थित थे।