इंद्रप्रस्थ फेज-2 ट्रंक मर्डर केस में चौंकाने वाला खुलासा, पति-पत्नी गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी के इंद्रप्रस्थ फेज-2 इलाके में ट्रंक में मिली युवक की लाश मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, हत्या का कारण पैसे का लेनदेन बताया जा रहा है। रायपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस हत्याकांड में शामिल दो आरोपियों को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी पति-पत्नी हैं — पति अंकित उपाध्याय पेशे से वकील है, जबकि पत्नी का नाम शिवानी शर्मा है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी दिल्ली भाग गए थे, लेकिन सटीक सूचना और लोकेशन के आधार पर दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। साथ ही, हत्या में प्रयुक्त कार भी जब्त कर ली गई है।
मृतक की पहचान किशोर पैकरा के रूप में हुई है। घटना से पहले ट्रंक खरीदते हुए आरोपी महिला और पुरुष का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जो जांच में अहम सबूत बन रहा है।
इस गंभीर वारदात में रायपुर पुलिस की तत्परता और दक्षता एक बार फिर सामने आई है। मामले को लेकर पुलिस प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विस्तृत जानकारी साझा कर रही है। इस घटना से जुड़ी आगे की खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें।












