दुर्ग में बड़ी साइबर ठगी का खुलासा: किसान से शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 31.50 लाख की धोखाधड़ी

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में साइबर अपराध का एक और बड़ा मामला सामने आया है। पाटन थाना क्षेत्र के ग्राम तरीघाट के निवासी खिलेश्वर सिन्हा को शेयर मार्केट में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 31 लाख 50 हजार रुपये की ठगी की गई। शिकायत के बाद पुलिस ने श्री बाहुबली ब्रोकरेज फर्म के संचालक अंकुश सुरेश जैन सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
कैसे हुई ठगी?
पीड़ित खिलेश्वर सिन्हा खेती और शेयर मार्केट में निवेश का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि वह यूट्यूब पर शेयर बाजार से संबंधित जानकारी देखते थे। इसी दौरान 18 अगस्त 2025 को वे “47 एसबीएसबीएल कम्युनिटी” नामक एक व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़े, जहां कथित रूप से लाभकारी स्टॉक खरीदने के सुझाव दिए जाते थे।
ग्रुप का एडमिन अंकुश सुरेश जैन ने उन्हें “श्री बाहुबली ब्रोकरेज फर्म” नाम का एक ऐप इंस्टॉल कराने की सलाह दी। ऐप पर विश्वास कर पीड़ित ने धीरे-धीरे 31.50 लाख रुपये निवेश कर दिए। लेकिन जब उन्होंने पैसे निकालने की कोशिश की, तो ऐप ने किसी भी अनुरोध को स्वीकार नहीं किया।
जब पीड़ित ने एडमिन से संपर्क किया, तो उसे बताया गया कि “प्रॉफिट कम्पटीशन” चल रहा है, इसलिए पैसे फिलहाल नहीं निकाले जा सकते। साथ ही और निवेश करने का दबाव डाला गया। कई प्रयासों के बावजूद पैसा नहीं मिलने पर उन्हें ठगे जाने का एहसास हुआ।
मामला दर्ज
पीड़ित के अनुसार, अंकुश जैन ने फर्जी ट्रेडिंग ऐप इंस्टॉल करवाकर पूरी राशि हड़प ली। शिकायत पर पाटन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 3(5) और 318(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।












