मिडिल ईस्ट तनाव के बीच भारत की सप्लाई चेन को मिली मजबूती

वाडीनार पोर्ट से इस वक्त राहत भरी खबर सामने आई है। मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच “जग वसंत” नाम का एलपीजी जहाज सुरक्षित भारत पहुंच गया है। जहाज करीब 16 हजार मीट्रिक टन LPG लेकर आया है, जिसे घरेलू गैस सप्लाई के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
हॉर्मुज क्षेत्र के जोखिम के बावजूद सुरक्षित पहुंचा जहाज
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में जारी तनाव और खतरे के बीच इस जहाज का सुरक्षित पहुंचना भारत के लिए बड़ी राहत है। फिलहाल जहाज पोर्ट से लगभग 10 नॉटिकल मील दूर एंकरिंग पर है और आगे की प्रक्रिया जारी है।
पोर्ट पर बढ़ाई गई सुरक्षा, ट्रांसफर ऑपरेशन शुरू
“जग वसंत” के पहुंचने के बाद पोर्ट क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है। बड़े जहाज से LPG को “रोज़” नाम के टग के जरिए ट्रांसफर किया जाएगा, ताकि सुरक्षित तरीके से सप्लाई सुनिश्चित की जा सके।
जारी संघर्ष के बीच सप्लाई बनी बड़ी चुनौती
मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष का आज 28वां दिन है। ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव के कारण क्षेत्र में अस्थिरता बनी हुई है, जिसका सीधा असर वैश्विक तेल और गैस सप्लाई पर पड़ रहा है।
ईरान ने भारत को दी विशेष छूट, जारी की ‘मित्र देशों’ की सूची
तनाव के बीच ईरान ने 5 देशों को “मित्र” घोषित करते हुए उनके जहाजों को हॉर्मुज स्ट्रेट से गुजरने की अनुमति दी है। इस सूची में भारत को प्रमुख स्थान दिया गया है। भारत के अलावा चीन, रूस, पाकिस्तान और इराक को भी यह अनुमति दी गई है।
देशभर में गैस सप्लाई को मिलेगा बड़ा सहारा
“जग वसंत” के वाडीनार पहुंचने से देश में एलपीजी सप्लाई को मजबूती मिलेगी। आने वाले दिनों में ऐसे और जहाजों की आवाजाही जारी रहने की संभावना है, जिससे घरेलू गैस की उपलब्धता बनी रहेगी।






