छत्तीसगढ़ में 9 बायपास सड़कों को मंजूरी: 448 करोड़ से ट्रैफिक होगा आसान, रायगढ़-बलौदाबाजार को बड़ी सौगात

रायपुर। छत्तीसगढ़ में ट्रैफिक दबाव कम करने और तेज, सुव्यवस्थित यातायात के लिए लोक निर्माण विभाग ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में नौ बायपास सड़कों के निर्माण के लिए 448 करोड़ 13 लाख रुपये से अधिक की राशि मंजूर की है।
रायगढ़ जिले को मिली बड़ी सौगात
रायगढ़ जिले में तमनार बायपास के लिए 152 करोड़ 17 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिससे 6 किलोमीटर लंबी सड़क बनाई जाएगी। वहीं रायगढ़ शहर में रिंग रोड (बायपास) के लिए 70 करोड़ 47 लाख रुपये मंजूर हुए हैं।
खरसिया में कबीर चौक से डभरा रोड तक 2 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण के लिए 7 करोड़ 22 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
धमतरी और बलौदाबाजार में भी विकास कार्य
धमतरी जिले में भखारा बायपास (4 किमी) के लिए 14 करोड़ 94 लाख रुपये और नारी बायपास (1.5 किमी) के लिए 7 करोड़ 97 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं।
बलौदाबाजार जिले में 15 किलोमीटर लंबे बायपास मार्ग के लिए 88 करोड़ 68 लाख रुपये और रिसदा बायपास (7 किमी) के लिए 20 करोड़ 99 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है।
बिलासपुर और बेमेतरा को भी मिला लाभ
बिलासपुर में कोनी-मोपका फोरलेन बायपास (13.40 किमी) के लिए 82 करोड़ 80 लाख रुपये और बेमेतरा जिले में छिरहा बायपास (1.20 किमी) के लिए 2 करोड़ 89 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
ट्रैफिक होगा सुगम, हादसों में आएगी कमी
उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के निर्देश पर इन परियोजनाओं को प्राथमिकता दी गई है। उनका कहना है कि इन सड़कों के बनने से ट्रैफिक जाम में कमी आएगी, आवागमन तेज होगा और सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आने की उम्मीद है।
सरकार का फोकस: बेहतर सड़क अधोसंरचना
सरकार का लक्ष्य शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध, सुरक्षित और तेज यातायात उपलब्ध कराना है। बायपास, पुल और ओवरब्रिज के निर्माण से प्रदेश की सड़क अधोसंरचना को और मजबूत किया जा रहा है।






