ब्रह्मपुत्र किनारे BJP स्थापना दिवस: वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने फहराया ध्वज, विकास और सुशासन पर जोर

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री और विधायक ओपी चौधरी ने ब्रह्मपुत्र नदी के तट पर भाजपा के स्थापना दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण कर भारत माता और छत्तीसगढ़ महतारी के जयकारे लगाए। इस दौरान ‘जय भाजपा, तय भाजपा’ के नारों के साथ कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल रहा।
स्थापना दिवस पर साझा किए ऐतिहासिक संस्मरण
ओपी चौधरी ने स्थापना दिवस से जुड़े संस्मरण साझा करते हुए बताया कि वर्ष 1980 में अटल बिहारी वाजपेयी की अध्यक्षता में मुंबई में भाजपा का पहला राष्ट्रीय अधिवेशन आयोजित हुआ था। उन्होंने कहा कि 6 अप्रैल का दिन पार्टी के इतिहास में महत्वपूर्ण है, जब भारतीय जनता पार्टी की स्थापना हुई थी।
असम में चुनाव के बीच मनाया स्थापना दिवस
उन्होंने कहा कि असम चुनाव के बीच ब्रह्मपुत्र नदी के किनारे स्थापना दिवस का स्मरण करते हुए ध्वजारोहण करना गौरव का विषय है। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया।
विकास और सुशासन पर दिया जोर
वित्त मंत्री ने कहा कि आज भाजपा देश के विभिन्न राज्यों, विशेषकर नॉर्थ ईस्ट, असम और छत्तीसगढ़ में विकास और सुशासन का पर्याय बन चुकी है। उन्होंने दावा किया कि जहां भाजपा की सरकार है, वहां विकास कार्यों को गति मिली है और आम जनता को बेहतर प्रशासन का लाभ मिला है।
देशवासियों को दी स्थापना दिवस की शुभकामनाएं
ओपी चौधरी ने देशवासियों को भाजपा स्थापना दिवस की बधाई देते हुए पार्टी की विचारधारा और कार्यशैली को जनहित में समर्पित बताया।






