रायगढ़ में संवेदनशील पहल: SDM दुर्गा प्रसाद ने दिलाया हक, मृतका के परिजन को मिला 44 हजार का भुगतान

रायगढ़। रायगढ़ जिले के घरघोड़ा तहसील अंतर्गत ग्राम कुडुमकेला में प्रशासन की संवेदनशीलता का सराहनीय उदाहरण सामने आया है। यहां एसडीएम दुर्गा प्रसाद ने त्वरित पहल करते हुए मृतका के परिजन को उनका बकाया भुगतान दिलाया।
सोशल मीडिया वीडियो से खुला मामला, तुरंत लिया संज्ञान
ग्राम कुडुमकेला निवासी लक्ष्मी चौहान ने अपनी मां के निधन के बाद बैंक से भुगतान नहीं मिलने पर सोशल मीडिया पर वीडियो साझा किया था। वीडियो वायरल होते ही एसडीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संज्ञान लिया।
छुट्टी के दिन भी सक्रिय रहा प्रशासन
एसडीएम दुर्गा प्रसाद ने रविवार के अवकाश के बावजूद तत्परता दिखाते हुए संबंधित बैंक प्रबंधन को निर्देश दिए कि नियमानुसार भुगतान सुनिश्चित किया जाए। प्रशासन की इस सक्रियता से मामला तेजी से आगे बढ़ा।
प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि अटकी थी
जानकारी के अनुसार, मृतका श्रीमती तीहारीन चौहान के खाते में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत राशि जमा थी। उनके निधन के बाद बैंक द्वारा नामिनी को भुगतान नहीं किया जा रहा था, जिससे परिवार आर्थिक संकट में था।
त्वरित समाधान, नामिनी को मिला चेक
एसडीएम के निर्देश पर 4 मई को छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक शाखा कुडुमकेला में दावा प्रक्रिया पूरी कराई गई। इसके बाद नामिनी सोनसाय चौहान को 44,195 रुपये की सेटलमेंट राशि का चेक सौंपा गया।
परिवार ने जताया आभार, क्षेत्र में सराहना
इस त्वरित और मानवीय पहल से प्रभावित होकर परिवार ने प्रशासन का आभार व्यक्त किया। क्षेत्र में भी इस कार्रवाई की व्यापक सराहना हो रही है, जिसे प्रशासन की जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का उदाहरण माना जा रहा है।






