तमिलनाडु चुनाव रिजल्ट 2026: थलपति विजय की जीत पर खुशी से झुमे रजनीकांत, कमल हासन, चिरंजीवी समेत इन दिग्गजों ने भी दी बधाई

तमिलनाडु चुनाव में थलपति विजय की पार्टी ने जीत हासिल की है. इसपर रजनीकांत, कमल हासन, चिरंजीवी समेत कई दिग्गजों ने उन्हें बधाइयां दी हैं.
हैदराबाद: थलपति विजय की पार्टी ‘तमिलगा वेट्री कझगम’ (TVK) ने तमिलनाडु चुनाव 2026 में एक ऐतिहासिक जीत हासिल की. टीवीके के साथ अपने पहले ही चुनाव में, विजय ने तमिलनाडु में इतिहास रच दिया है. उन्होंने राज्य में ‘द्रविड़ मुन्नेत्र कझगम’ (डीएमके) और ‘ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुन्नेत्र कझगम’ (AIADMK) के 50 साल के शासन को खत्म कर दिया है. एक्टर से राजनेता बने विजय, सिनेमा की दुनिया से काफी सारी बधाइयां मिल रही हैं. साउथ के स्टार्स रजनीकांत, धनुष, सूर्या, चिरंजीवी और कमल हासन समेत कई सितारों ने विजय को बधाई दी है.
रजनीकांत
4 मई देर रात को रजनीकांत ने तमिल विजय गठबंधन के नेता थलपति विजय और उनकी पार्टी के सभी सदस्यों को तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में उनकी शानदार जीत के लिए बधाई दी. एक्स हैंडल पर पोस्ट साझा करते हुए उन्होंने लिखा है, ‘हाल ही में संपन्न हुए तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में शानदार जीत के लिए विजयी ‘तमिलगा वेट्री कझगम’ के अध्यक्ष विजय और उनकी पार्टी के सदस्यों को मेरी हार्दिक बधाई.’
कमल हासन
कमल हासन ने विजय और उनकी टीम को बधाई देते हुए एक्स हैंडल पर लिखते हैं, ‘विजयी ‘तमिलगा वेट्री कजगम’ के नेता विजय, टीवीके और उनकी पार्टी के सदस्यों को मेरी हार्दिक बधाई, जिन्होंने जनता का विश्वास जीता है और अपने पहले ही चुनाव में शानदार जीत हासिल की है. उनकी जनसेवा के उत्तरोत्तर विकास के लिए मेरी शुभकामनाएं.’
धनुष
धनुष ने भी विजय के बधाई देते हुए एक्स हैंडल पर लिखा है, ‘विजय सर और ‘तमिलनाडु विक्ट्री कझगम’ को मेरी हार्दिक बधाई. जिन्होंने चुनावी मैदान में उतरकर अपने पहले ही चुनाव में तमिलनाडु की जनता का अपार समर्थन और स्नेह प्राप्त किया है, और अब वे सरकार बनाने की ओर अग्रसर हैं.’
सूर्या शिवकुमार
एक्टर सूर्या शिवकुमार ने विजय पर विश्वास जताते हुए सोशल मीडिया पर लिखा है, ‘लोगों का प्यार और समर्थन पाना सचमुच एक आशीर्वाद है. तमिलनाडु को मेरे मित्र, विजय पर अपार विश्वास है. मैं उन्हें अपनी हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं, क्योंकि वे तमिलनाडु की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत करने जा रहे हैं.’
चिरंजीवी
तेलुगु सिनेमा के मेगास्टार चिरंजीवी ने भी विजय को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं. एक्स हैंडल का सहारा लेते हुए चिरंजीवी ने लिखा है, डियर विजय, अपने पहले ही चुनाव में मिली इस शानदार और पूरी तरह से हकदार जीत पर आपको हार्दिक बधाई. आप इसी तरह अटूट जोश और पक्के इरादे के साथ लोगों को प्रेरित करते रहें, उनका नेतृत्व करते रहें और उनकी सेवा करते रहें. तमिलनाडु राज्य और वहां के लोगों की सेवा के आपके इस कार्य के लिए मेरी ओर से आपको ढेरों शुभकामनाएं.’
राम चरण
तेलुगु सुपरस्टार राम चरण ने विजय को बधाई देते हुए लिखा है, ‘तमिलनाडु चुनावों में शानदार जीत के लिए विजय गारू को हार्दिक बधाई. आपकी सोच और लोगों के साथ आपके जुड़ाव ने सचमुच लोगों के दिलों को छू लिया है. तमिलनाडु को निरंतर प्रगति की राह पर आगे ले जाने में आपको अपार सफलता मिले, यही कामना है’.
महेश बाबू
बधाई देने वालों की लिस्ट में महेश बाबू का भी नाम शामिल है. उन्होंने एक्स हैंडल पर लिखा है, ‘विजय, नए कीर्तिमान स्थापित करने और शानदार जीत हासिल करने पर आपको हार्दिक बधाई. आज का दिन इस बात का प्रमाण है कि लोगों ने आप पर कितना गहरा विश्वास जताया है. मुझे पूरा यकीन है कि यह जीत तमिलनाडु के लिए सार्थक प्रगति का मार्ग प्रशस्त करेगी.’

सामंथा रुथ प्रभु का पोस्ट (Instagram)
अन्य सेलेब्स
रजनीकांत, धनुष, सूर्या, चिरंजीवी के अलावा, अनिरुद्ध रविचंदर, रवि तेजा, पवन कल्याण, सामंथा रूथ प्रभु, दुलकर सलमान, लियो फिल्ममेकर लोकेश कंगराज ने भी उन्हें बधाइयां दी हैं. दूसरी ओर, रश्मिका मंदाना ने कहा कि वह विजय को इस नए दौर में देखने के लिए बहुत उत्सुक हैं. इसी बीच, उनके पति विजय देवरकोंडा ने भी थलपति विजय के लिए अपना उत्साह जाहिर किया है.





