अपराधछत्तीसगढ़रायगढ़

“ऑपरेशन तलाश” में रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लाखों की वाहन रजिस्ट्रेशन ठगी का फरार आरोपी जगदलपुर से गिरफ्तार

Advertisement

BS-4 वाहनों के रजिस्ट्रेशन के नाम पर हुई थी लाखों की धोखाधड़ी, चक्रधरनगर पुलिस ने फरार आरोपी को दबोचा

रायगढ़। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन तलाश” अभियान के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। चक्रधरनगर पुलिस ने वाहनों के रजिस्ट्रेशन के नाम पर लाखों रुपए की ठगी करने वाले फरार आरोपी अजय कुमार पिल्लई उर्फ अज्जु पिल्लई को जगदलपुर से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था।

पुराने वाहनों के रजिस्ट्रेशन का झांसा देकर व्यवसायी से की गई लाखों की ठगी

मामले में प्रार्थी राकेश कुमार नागवानी निवासी कृष्ण वाटिका, बोईसदादर थाना चक्रधरनगर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह वाहन खरीदी-बिक्री का व्यवसाय करता है। वर्ष 2021 में उसने विभिन्न फायनेंस कंपनियों की नीलामी से करीब 50 वाहन, कार, ट्रैक्टर और जेसीबी मशीन खरीदी थीं।

पुराने मॉडल के इन वाहनों का आरटीओ में रजिस्ट्रेशन कराने के नाम पर आरोपी अजय कुमार पिल्लई उर्फ अज्जु पिल्लई और उसके साथी विपिन साहू ने स्वयं को आरटीओ एजेंट बताते हुए संपर्क किया। आरोपियों ने वाहन पंजीयन शुल्क जमा कराने के नाम पर अलग-अलग माध्यमों से लाखों रुपए लिए।

फर्जी दस्तावेज देकर किया गुमराह, जांच में खुली धोखाधड़ी की परतें

प्रार्थी को कुछ वाहनों के रजिस्ट्रेशन दस्तावेज भी दिए गए, लेकिन बाद में जांच में पता चला कि वाहन उसके नाम पर पंजीकृत ही नहीं किए गए थे, बल्कि अन्य लोगों के नाम पर दर्ज थे। आरटीओ कार्यालय से जानकारी लेने पर पूरे मामले में धोखाधड़ी का खुलासा हुआ।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने वाहन पंजीयन के नाम पर कुल 6 लाख 93 हजार रुपए प्राप्त किए थे। शिकायत की जांच डीएसपी मुख्यालय रायगढ़ द्वारा कराई गई, जिसके बाद थाना चक्रधरनगर में 29 जुलाई 2025 को आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

रकम लौटाने के नाम पर दिए गए चेक भी निकले फर्जी, आरोपी की मंशा पर उठे सवाल

जांच के दौरान प्रार्थी ने पुलिस को बताया कि शिकायत के बाद आरोपी ने रकम लौटाने के नाम पर दो चेक दिए थे। इनमें एक चेक बाउंस हो गया, जबकि दूसरे में गलत जानकारी दी गई थी। इससे यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी जानबूझकर धोखाधड़ी कर रहा था।

एसएसपी के निर्देश पर चली कार्रवाई, लोकेशन ट्रेस कर जगदलपुर से पकड़ा गया आरोपी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में “ऑपरेशन तलाश” के तहत लंबित मामलों की समीक्षा कर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की।

तकनीकी जानकारी और लोकेशन ट्रेस करने के बाद पुलिस टीम को जगदलपुर रवाना किया गया, जहां दबिश देकर आरोपी अजय कुमार पिल्लई को हिरासत में लिया गया। बाद में उसे रायगढ़ लाकर न्यायालय में पेश कर वैधानिक कार्रवाई की गई।

आर्थिक अपराधों पर सख्त कार्रवाई जारी, पीड़ितों को न्याय दिलाना प्राथमिकता — एसएसपी

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि “ऑपरेशन तलाश” के तहत फरार अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। आर्थिक अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और पीड़ितों को न्याय दिलाना रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी राकेश मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक भागीरथी चौधरी एवं पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button