शुभेंदु अधिकारी बने बंगाल के नए सीएम, पीएम मोदी ने छुए माखनलाल सरकार के पैर, छत्तीसगढ़ के नेताओं ने दी बधाई

रायपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की मौजूदगी में शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के नए सीएम के तौर पर पद की शपथ ली. कभी शुभेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी के सबसे खास सिपहसालार हुआ करते थे. लेकिन राजनीतिक मतभेदों के चलते शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस को छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया था.
सुवेंदु अधिकारी को सीएम बनने पर दी बधाई
शुभेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह में सीएम विष्णु देव साय और डिप्टी सीएम विजय शर्मा भी शामिल हुए. दोनों नेताओं ने शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात कर उनको बधाई दी. सीएम और डिप्टी सीएम ने कहा कि अब बंगाल में बदलाव होगा. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि यह जनादेश केवल सरकार बदलने का नहीं, बल्कि पश्चिम बंगाल में विकास, सुशासन और नई कार्यसंस्कृति की स्थापना का जनसंकल्प है.
आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी विजन तथा मजबूत नेतृत्व में डबल इंजन सरकार अब बंगाल के विकास की नई गाथा लिखेगी. इस सरकार के माध्यम से युवाओं को भरपूर रोजगार, किसानों को समृद्धि, मातृशक्ति को सशक्त अवसर और हर वर्ग को न्यायपूर्ण विकास मिलेगा. आपके कुशल नेतृत्व में बंगाल विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा. माताओं-बहनों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी, युवाओं को उनके सपनों के अनुरूप रोजगार मिलेगा और “বাংলা” (बांग्ला) एक बार फिर सच्चे अर्थों में “সোনার বাংলা” (सोनार बांग्ला) बनेगा: विष्णु देव साय, सीएम
मुझे विश्वास है कि आदरणीय प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन तथा आपके सक्षम नेतृत्व में पश्चिम बंगाल विकास, सुशासन, सुरक्षा और समृद्धि की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा तथा प्रदेश प्रगति के नए अध्याय लिखेगा: विजय शर्मा, डिप्टी सीएम
98 वर्ष की आयु में भी, श्री माखनलाल सरकार आज़ादी के बाद के भारत में राष्ट्रवादी आंदोलन से जुड़े शुरुआती ज़मीनी स्तर के नेताओं में से एक हैं. 1952 में, उन्हें कश्मीर में भारतीय तिरंगा फहराने के आंदोलन के दौरान श्यामा प्रसाद मुखर्जी के साथ होने पर गिरफ़्तार किया गया था: केदार कश्यप, मंत्री
जानिए कौन हैं माखनलाल सरकार
शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए मंच पर जब पीएम मोदी पहुंचे, तब वहां पर 98 साल के माखनलाल सरकार भी मौजूद रहे. पीएम मोदी ने मंच पर जाते ही माखनलाल सरकार के पैर छुए और उनका आशीर्वाद लिया. पश्चिम बंगाल के सबसे वरिष्ठ बीजेपी कार्यकर्ता माखनलाल सरकार ने पीएम मोदी को गले लगा लिया. उस नजारे को देख कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में मौजूद लाखों भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार तालियों से पीएम मोदी और माखनलाल सरकार का धन्यवाद और स्वागत किया. माखनलाल सरकार पश्चिम बंगाल में बीजेपी का सबसे बुज़ुर्ग कार्यकर्ता हैं. भारतीय जनता पार्टी के मुताबिक वो साल 1952 में स्वर्गीय डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की ऐतिहासिक कश्मीर यात्रा के दौरान उनके साथ रहे. माखनलाल सरकार लंबे समय से राष्ट्रवादी आंदोलन से जुड़े रहे हैं और जेल भी जा चुके हैं. 1980 में बीजेपी की स्थापना के बाद उन्होंने बंगाल में पार्टी और संगठन के विस्तार में काफी अहम भूमिका निभाई है.








