तमिलनाडु में राजनीति के साथ-साथ अब प्रशासनिक स्तर पर भी बड़े बदलाव शुरू हो गए हैं। मुख्यमंत्री विजय के नेतृत्व वाली नई टीवीके सरकार ने प्रशासन में अपना पहला सबसे बड़ा फेरबदल किया है। मंगलवार को सरकार ने कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों का तबादला करते हुए उन्हें अहम जिम्मेदारियां सौंपी हैं। सत्ता में आने के बाद सीएम विजय का यह पहला बड़ा प्रशासनिक कदम है, जिसे सरकार के कामकाज को तेज करने के रूप में देखा जा रहा है।
मुख्य सचिव एम. साई कुमार ने इस बड़े फेरबदल से जुड़े आधिकारिक आदेश पर हस्ताक्षर कर दिए हैं। इस आदेश के तहत राज्य के कई महत्वपूर्ण विभागों जैसे राजस्व, वित्त, पर्यटन और आबकारी विभाग के बड़े अधिकारियों को बदल दिया गया है। नई सरकार अपने हिसाब से अधिकारियों की टीम तैयार कर रही है ताकि जनता से जुड़े काम बिना किसी रुकावट के हो सकें। इन तबादलों के जरिए कई अनुभवी अधिकारियों को सीधे तौर पर बड़ी जिम्मेदारी दी गई है।
राजस्व और आपदा प्रबंधन की जिम्मेदारी किसे मिली है?
वरिष्ठ आईएएस अधिकारी एन. मुरुगानंदम अपनी लंबी छुट्टी के बाद वापस काम पर लौट आए हैं। उनके वापस आते ही सरकार ने उन्हें राजस्व प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग का अतिरिक्त मुख्य सचिव और आयुक्त बना दिया है। बता दें कि इससे पहले इस बड़े और अहम पद का अतिरिक्त कार्यभार पी. अमुधा संभाल रही थीं। अब यह विभाग पूरी तरह से एन. मुरुगानंदम के हाथों में होगा।
वित्त और पर्यटन विभाग का नया सचिव किसे बनाया गया?
चेन्नई मेट्रो रेल लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एम. ए. सिद्दीक को सरकार ने वित्त विभाग का अतिरिक्त मुख्य सचिव नियुक्त किया है, उन्होंने टी. उदयचंद्रन की जगह ली है। इसके साथ ही, राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान की राज्य परियोजना निदेशक एस. स्वर्णा को भी बड़ी जिम्मेदारी मिली है। उन्हें पर्यटन, संस्कृति और धार्मिक बंदोबस्त विभाग का प्रमुख सचिव बनाया गया है। उन्होंने के. मणिवसन की जगह ली है, जिनके पास अब तक इसका अतिरिक्त प्रभार था।
टास्माक का नया बॉस कौन?
सरकार ने राज्य में सहकारी समितियों के रजिस्ट्रार के पद पर तैनात के. नंदकुमार का भी तबादला कर दिया है। अब उन्हें तमिलनाडु स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन यानी टास्माक का नया प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। उन्होंने इस अहम पद पर टी. क्रिस्तुराज की जगह ली है। टास्माक सरकार के लिए काम और कमाई का एक बहुत बड़ा हिस्सा है, इसलिए यह बदलाव प्रशासन के लिहाज से बहुत मायने रखता है।