रायपुर में ‘रेड रूम टेक्नो पार्टी’ को लेकर विवाद, इंटरनेट मीडिया प्रचार के बाद पुलिस सतर्क

रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र स्थित वीआईपी रोड के एक क्लब में प्रस्तावित ‘रेड रूम टेक्नो पार्टी’ को लेकर विवाद शुरू हो गया है। इंटरनेट मीडिया पर पार्टी के प्रचार-प्रसार के बाद पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। पार्टी से जुड़े पोस्टर और वीडियो में आयोजन को हाई-प्रोफाइल अंदाज में प्रस्तुत किया गया है, जिस पर अश्लीलता फैलाने और युवाओं को भड़काने जैसे आरोप लग रहे हैं।
इंटरनेट मीडिया पर बड़े स्तर पर किया गया प्रचार, रेव पार्टी के नए रूप के तौर पर देखी जा रही आयोजन
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को प्रस्तावित इस टेक्नो पार्टी का सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बड़े स्तर पर प्रचार किया जा रहा है। प्रचार सामग्री में तेज म्यूजिक, शराब, धुएं और डांस के दृश्य दिखाकर युवाओं को आकर्षित करने की कोशिश की गई है।
इंटरनेट मीडिया पर वायरल वीडियो में कम उम्र की लड़कियों जैसे दिखने वाले चेहरों के इस्तेमाल को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। आयोजन को रेव पार्टी के नए स्वरूप के तौर पर देखा जा रहा है, जिससे विवाद और गहरा गया है।
आठ हजार से 40 हजार रुपये तक टिकट, वीआईपी एंट्री को लेकर भी उठे सवाल
मामला सामने आने के बाद पुलिस ने संबंधित क्लब संचालक से संपर्क कर वस्तुस्थिति स्पष्ट करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आयोजन की आधिकारिक अनुमति और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
इंटरनेट मीडिया पर जारी पोस्टर के मुताबिक पार्टी में शामिल होने के लिए अलग-अलग श्रेणियों में टिकट रखे गए हैं। टिकट की कीमत 8 हजार रुपये से लेकर 40 हजार रुपये तक बताई जा रही है। वहीं कलाकारों से मुलाकात के लिए भी अलग शुल्क निर्धारित किए जाने की जानकारी सामने आई है। इससे आयोजन की पारदर्शिता और वास्तविक उद्देश्य को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच, कानून उल्लंघन मिलने पर होगी कार्रवाई
एडीसीपी Tarkeshwar Patel ने बताया कि पुलिस को अब तक इस प्रकार के आयोजन की कोई आधिकारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है। सोशल मीडिया पर प्रसारित पोस्टर और वीडियो की जांच की जा रही है।
उन्होंने कहा कि यदि जांच में अश्लीलता, अवैध गतिविधि या कानून का उल्लंघन पाया गया तो संबंधित आयोजकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सामाजिक संगठनों ने जताया विरोध, भारतीय संस्कृति के खिलाफ बताया आयोजन
दूसरी ओर बजरंग दल सहित कई सामाजिक संगठनों ने भी इस आयोजन पर आपत्ति जताई है। बजरंग दल के जिला अध्यक्ष योगेश सिंह सैनी ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन भारतीय संस्कृति के खिलाफ हैं और युवाओं को गलत दिशा में ले जाने का काम करते हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से ऐसे आयोजनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पहले भी विवादों में आ चुके हैं ऐसे आयोजन, ‘स्ट्रेंजर मीटअप’ कार्यक्रम हुआ था रद्द
गौरतलब है कि राजधानी रायपुर में इससे पहले इंटरनेट मीडिया पर प्रचारित ‘स्ट्रेंजर मीटअप’ कार्यक्रम भी विवादों में आ चुका है। उस समय विरोध के बाद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा था और तेलीबांधा तालाब के पास प्रस्तावित कार्यक्रम को रद्द कराया गया था।






