नवा रायपुर में बनेगा छत्तीसगढ़ का पहला सेमीकंडक्टर प्लांट, दूसरे विशेष आर्थिक क्षेत्र को मंजूरी

रायपुर। छत्तीसगढ़ ने औद्योगिक विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। नवा रायपुर में दूसरे विशेष आर्थिक क्षेत्र (SEZ) को मंजूरी मिल गई है। इस परियोजना के तहत पॉलीमेटेक इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड को 10.13 हेक्टेयर क्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग आधारित एसईजेड स्थापित करने की स्वीकृति दी गई है।
राज्य में पहली बार स्थापित होगा सेमीकंडक्टर निर्माण संयंत्र
इस परियोजना की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसके माध्यम से छत्तीसगढ़ में पहला सेमीकंडक्टर निर्माण संयंत्र स्थापित किया जाएगा। यहां सेमीकंडक्टर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों का निर्माण किया जाएगा।
यह परियोजना राज्य को तकनीक आधारित और उच्च मूल्य वाले उद्योगों के क्षेत्र में नई पहचान देने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है। इससे औद्योगिक विकास को नई गति मिलने के साथ छत्तीसगढ़ आधुनिक विनिर्माण और तकनीकी निवेश का प्रमुख केंद्र बन सकता है।
निवेश के लिए बेहतर माहौल बनने का संकेत : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने कहा कि यह स्वीकृति राज्य में उद्योगों और निवेश के लिए बन रहे सकारात्मक माहौल का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बेहतर आधारभूत सुविधाओं, पारदर्शी व्यवस्था और निवेश अनुकूल नीतियों के जरिए भविष्य के उद्योगों के लिए मजबूत वातावरण तैयार कर रही है।
“सेमीकंडक्टर तकनीक भविष्य की जरूरत”
मुख्यमंत्री ने कहा कि सेमीकंडक्टर तकनीक आने वाले समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। उनके अनुसार नवा रायपुर में राज्य का पहला सेमीकंडक्टर निर्माण संयंत्र केवल एक औद्योगिक परियोजना नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के तकनीकी भविष्य की मजबूत नींव है।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना से युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे, तकनीकी कौशल विकास को बढ़ावा मिलेगा और राज्य नई औद्योगिक पहचान के साथ आगे बढ़ेगा।






