IPL 2026: वैभव सूर्यवंशी को रोकना गुजरात के लिए बड़ी चुनौती, इस गेंदबाज ने किया था परेशान

आईपीएल 2026 में 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का बल्ला लगातार आग उगल रहा है। एलिमिनेटर मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ उन्होंने सिर्फ 29 गेंदों में 97 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर हर किसी को हैरान कर दिया। अब दूसरे क्वालिफायर में राजस्थान रॉयल्स का मुकाबला गुजरात टाइटंस से होना है, जहां सभी की नजरें फिर से युवा बल्लेबाज पर टिकी होंगी।
बुमराह-कमिंस जैसे दिग्गजों पर भी भारी पड़े वैभव
इस सीजन वैभव सूर्यवंशी ने जसप्रीत बुमराह, पैट कमिंस और मिचेल स्टार्क जैसे विश्वस्तरीय गेंदबाजों के खिलाफ भी आक्रामक बल्लेबाजी की है। उनकी तूफानी स्ट्राइक रेट और निडर अंदाज ने विरोधी टीमों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
मोहसिन खान ने खोजा था वैभव का तोड़
हालांकि, इस सीजन एक गेंदबाज ऐसा भी रहा जिसने वैभव को पूरी तरह बांधकर रखा। मोहसिन खान ने लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से गेंदबाजी करते हुए वैभव के खिलाफ मेडन ओवर डाला था और उन्हें आउट भी किया था।
22 अप्रैल को इकाना स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में वैभव सिर्फ 11 गेंदों में 8 रन बनाकर आउट हो गए थे। मोहसिन की लाइन-लेंथ और लगातार दबाव ने उन्हें खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया था। अब गुजरात के गेंदबाज भी उसी रणनीति को अपनाने की कोशिश कर सकते हैं।
गुजरात के पास मजबूत गेंदबाजी आक्रमण
गुजरात टाइटंस के पास कगिसो रबाडा, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज और राशिद खान जैसे अनुभवी गेंदबाज मौजूद हैं। टीम की कोशिश रहेगी कि वैभव को शुरुआती ओवरों में ही रोक दिया जाए, क्योंकि एक बार सेट होने के बाद उन्हें रोकना बेहद मुश्किल साबित हो रहा है।
ऑरेंज कैप पर वैभव का कब्जा
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में अब तक 15 मैचों में 45.33 की औसत और 242.86 की धमाकेदार स्ट्राइक रेट से 680 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से इस दौरान एक शतक और चार अर्धशतक निकले हैं। शानदार प्रदर्शन के दम पर फिलहाल ऑरेंज कैप भी उन्हीं के पास है।
आज खेला जाएगा दूसरा क्वालिफायर
राजस्थान रॉयल्स ने एलिमिनेटर मुकाबले में जीत दर्ज कर दूसरे क्वालिफायर में जगह बनाई है। अब उनका सामना पहले क्वालिफायर में हारने वाली गुजरात टाइटंस से होगा। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला न्यू चंडीगढ़ में शुक्रवार 29 मई को खेला जाएगा।






