रायगढ़ में देर रात गोदाम में भीषण आग, धान और कोंढ़ा जलकर खाक, लाखों के नुकसान की आशंका

छातामुड़ा बाईपास स्थित शिव ट्रेडिंग कंपनी के गोदाम में मची अफरा-तफरी, सुरक्षा कर्मियों की सतर्कता से मिली जानकारी
रायगढ़। शहर के जूटमिल थाना क्षेत्र अंतर्गत छातामुड़ा बाईपास चौक स्थित शिव ट्रेडिंग कंपनी के गोदाम में देर रात अचानक भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से गोदाम में रखे कोंढ़ा और धान के बड़ी मात्रा में बोरे जलकर खाक हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार आग देर रात करीब 11 बजे लगी, जब गोदाम से धुएं का गुबार उठता देख सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल इसकी सूचना गोदाम संचालक को दी।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची दमकल टीम, डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू
घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग को सूचना दी गई। सूचना के बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।
करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक गोदाम में रखा बड़ी मात्रा में कोंढ़ा और धान आग की चपेट में आकर नष्ट हो चुका था।
लाखों रुपये के नुकसान की आशंका, आग लगने के कारणों की जांच शुरू
घटना में हुए वास्तविक नुकसान का आकलन अभी नहीं हो सका है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। संबंधित विभाग और प्रशासनिक टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।







