
बलौदाबाजार। जिले के पलारी क्षेत्र के ग्राम सुंदरावन में किसानों को कथित रूप से नकली एवं संदिग्ध खाद बेचने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने यूरिया और डीएपी के नाम पर खाद बेच रहे बाहरी लोगों की एक पिकअप वाहन को पकड़ लिया। हालांकि, खाद बेचने वाले लोग अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
ग्रामीणों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से बाहरी राज्यों से आए कुछ लोग गांव-गांव घूमकर किसानों को किसान खाद के नाम पर यूरिया और डीएपी खाद कम कीमत और तत्काल उपलब्धता का झांसा देकर बेच रहे थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ये लोग क्षेत्र में 100 बोरी से अधिक खाद बेच चुके हैं। खाद की गुणवत्ता और पैकेजिंग पर संदेह होने के बाद ग्रामीणों ने निगरानी शुरू की और एक पिकअप वाहन को रोक लिया।
हरियाणा से आये लोगों ने गाड़ी किराए पर ली थी
पकड़े गए पिकअप वाहन के चालक ने ग्रामीणों को बताया कि हरियाणा से आए कुछ लोगों ने उसकी गाड़ी किराए पर ली थी और गांवों में खाद बेचने के लिए उसे बुक किया था। चालक ने स्वयं को केवल वाहन चालक बताते हुए खाद की गुणवत्ता और बिक्री की जानकारी नहीं होने की बात कही।
तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना तत्काल कृषि विभाग के अधिकारियों को दी गई है। विभागीय अधिकारियों के मौके पर पहुंचकर खाद के नमूनों की जांच करने और उसके असली या नकली होने की पुष्टि करने की तैयारी की जा रही है। वहीं, प्रशासन द्वारा खाद बेचने वाले फरार लोगों की पहचान और उनकी तलाश के प्रयास भी शुरू कर दिए गए हैं।







