रायगढ़

रायगढ़ के आलोक कुमार शर्मा ने फिर रचा इतिहास, छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट भर्ती परीक्षा में हासिल किया पहला स्थान

Advertisement

रायगढ़। जिले के तमनार विकासखंड अंतर्गत ग्राम करमागढ़ निवासी आलोक कुमार शर्मा ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय द्वारा आयोजित ज्यूडिशियल असिस्टेंट भर्ती परीक्षा में पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में हर्ष और गर्व का माहौल है।

लगातार सफलता से बना रहे पहचान

आलोक कुमार शर्मा, पिता परमानंद शर्मा, इससे पहले भी कई प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुके हैं। उन्होंने व्यापम द्वारा आयोजित संयुक्त भर्ती परीक्षा में भी प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया था। इसके अलावा इस वर्ष एम्स (AIIMS) द्वारा आयोजित कॉमन रिक्रूटमेंट एग्जामिनेशन (CRE) में उन्होंने पूरे देश में द्वितीय स्थान प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान बनाई थी।

वर्तमान में वे पंचायत संचालनालय में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

8 से 10 परीक्षाओं में शीर्ष रैंक, युवाओं के लिए प्रेरणा

जानकारी के अनुसार आलोक अब तक 8 से 10 प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर चुके हैं, जिनमें अधिकांश बार वे टॉप 10 अभ्यर्थियों में शामिल रहे हैं। यह उनकी निरंतर मेहनत, अनुशासन और मजबूत शैक्षणिक क्षमता को दर्शाता है।

ग्रामीण पृष्ठभूमि से राष्ट्रीय पहचान तक का सफर

ग्राम करमागढ़ जैसे ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर लगातार सफलता हासिल करना उनके संघर्ष और समर्पण की मिसाल है। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने यह साबित किया है कि लगन और मेहनत से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता।

बधाइयों का लगा तांता

उनकी इस उपलब्धि पर परिवारजनों, ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। आलोक कुमार शर्मा आज युवाओं के लिए एक प्रेरणास्रोत बनकर उभरे हैं।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button