सीएसपीडीसीएल गोदाम स्क्रैप घोटाले में बड़ा खुलासा, कूटरचित दस्तावेज कोर्ट में पेश होने का आरोप

रायगढ़। सीएसपीडीसीएल के कोतरा रोड स्थित गोदाम से स्क्रैप बेचने के मामले में अब गंभीर अनियमितताओं के संकेत मिले हैं। ऑनलाइन गेट पास और बाद में तैयार किए गए मैन्युअल गेट पास के आधार पर मामला अब और भी पेचीदा हो गया है।
🔹 ऑनलाइन और मैन्युअल गेट पास में अंतर से बढ़ा संदेह
विभागीय जांच में ऑनलाइन गेट पास के आधार पर स्टोर कीपर को निलंबित किया गया था, लेकिन बाद में अदालत में मैन्युअल गेट पास प्रस्तुत कर ट्रक को छुड़वा लिया गया। इस पूरे घटनाक्रम ने कूटरचित दस्तावेजों के इस्तेमाल की आशंका को जन्म दिया है।
🔹 ढाबे पर पकड़ा गया था ट्रक, अतिरिक्त स्क्रैप मिला
11 जून को कबाड़ लेकर जा रहा ट्रक जूट मिल थाना क्षेत्र के एक ढाबे के पास पकड़ा गया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक और स्क्रैप जब्त किया। वजन जांच में लगभग साढ़े तीन टन अतिरिक्त स्क्रैप पाए जाने की बात सामने आई।
🔹 जांच और कार्रवाई
मामले की प्रारंभिक जांच के बाद विभागीय स्तर पर रिपोर्ट रायपुर मुख्यालय भेजी गई, जिसके आधार पर मुख्य अभियंता ने स्टोर कीपर प्रदीप भगत को निलंबित कर दिया।
पुलिस ने भी शुरुआती कार्रवाई ऑनलाइन गेट पास के आधार पर की थी।
🔹 मैन्युअल गेट पास को लेकर विवाद
आरोप है कि रात के समय स्टोर का गेट खोलकर मैन्युअल गेट पास तैयार किया गया और जावक रजिस्टर में भी छेड़छाड़ की गई, जिसका रिकॉर्ड सीसीटीवी में दर्ज होने की बात कही जा रही है।
इसके बाद अदालत में ट्रक छुड़ाने के लिए मैन्युअल गेट पास प्रस्तुत किया गया, जिसमें मात्रा पंचनामा रिपोर्ट के अनुरूप दर्शाई गई थी, जबकि ऑनलाइन रिकॉर्ड को कथित रूप से छिपा दिया गया।
🔹 गंभीर अपराध की संभावना
मामले में कूटरचित दस्तावेजों के उपयोग और न्यायालय में प्रस्तुत करने को लेकर अब गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज होने की संभावना जताई जा रही है। विभागीय स्तर पर आगे की जांच जारी है और अन्य अधिकारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।







