CG Bharatmala Project: भारतमाला परियोजना के तहत छत्तीसगढ़ में बन रहे दो बड़े राष्ट्रीय राजमार्ग अगले साल मार्च 2027 तक तैयार हो जाएंगे। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने बुधवार को वरिष्ठ अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों के साथ समीक्षा बैठक कर परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया और समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण काम पूरा करने के निर्देश दिए।
रायपुर के पेंशनबाड़ा स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता कार्यालय में आयोजित बैठक में सचिव बंसल ने निर्माणाधीन सड़कों पर बारिश के दौरान यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए वैकल्पिक और डायवर्टेड मार्ग तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने केशकाल घाटी बायपास के निर्माण कार्य में तेजी लाने और प्रस्तावित दो बड़े पुलों का काम जल्द शुरू करने को कहा।
मार्च 2027 तक तैयार होंगे दो अहम हाईवे
बैठक में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के क्षेत्रीय अधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि भारतमाला परियोजना के तहत बन रहे रायपुर-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस-वे और दुर्ग-आरंग बायपास का निर्माण मार्च 2027 तक पूरा कर लिया जाएगा। वहीं रायपुर-धनबाद इकोनॉमिक कॉरिडोर का निर्माण भी तेजी से जारी है।
PWD सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भारतमाला परियोजना से अधिकतम लाभ लेने के लिए राज्य की प्रमुख सड़कों को इन कॉरिडोर से जोड़ने के लिए टू-लेन और फोर-लेन सड़कों के प्रस्ताव तैयार किए जाएं। उन्होंने कहा कि इन मार्गों के शुरू होने से राज्य में आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी और माल व यात्री परिवहन को बड़ी सुविधा होगी।
फ्लाईओवर और भूमि अधिग्रहण की भी हुई समीक्षा
बैठक में रायपुर के तेलीबांधा चौक, उद्योग भवन चौक और सरोना चौक में प्रस्तावित फ्लाईओवर परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। सचिव बंसल ने भूमि अधिग्रहण और वन-व्यपवर्तन से जुड़े लंबित मामलों की जानकारी समय पर उच्च कार्यालयों तक पहुंचाने के निर्देश दिए, ताकि स्वीकृति प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके।
सड़क सुरक्षा और गुणवत्ता पर जोर
मुकेश कुमार बंसल ने राष्ट्रीय राजमार्गों के ब्लैक स्पॉट खत्म करने, सड़क सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने और तय मानकों के अनुसार ही स्पीड ब्रेकर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से लगातार फील्ड में जाकर निरीक्षण करने और समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण काम पूरा कराने पर विशेष जोर दिया।
ठेकेदारों को चेतावनी, गुणवत्ता से नहीं होगा समझौता
PWD सचिव ने निर्माण एजेंसियों और ठेकेदारों से कार्यस्थलों पर आने वाली समस्याओं की जानकारी ली और स्पष्ट कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण से राज्य की प्रतिष्ठा जुड़ी है। ऐसे में गुणवत्ता और समय सीमा से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।