रायगढ़ में विजुअल पुलिसिंग अभियान तेज, बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सख्त निगरानी

फुट पेट्रोलिंग और सशस्त्र बल की तैनाती से कानून-व्यवस्था मजबूत करने पर जोर
रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में विजुअल पुलिसिंग अभियान को लगातार प्रभावी बनाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में शहर के प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की सक्रिय मौजूदगी बढ़ाई गई है।
बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर सघन पेट्रोलिंग
इसी अभियान के तहत थाना कोतवाली, थाना चक्रधरनगर और चौकी पूंजीपथरा की पुलिस टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।
थाना कोतवाली पुलिस ने एएसआई विलफ्रेड मसीह और महिला प्रधान आरक्षक राजश्री के नेतृत्व में रिजर्व लाइन बल के साथ हटरी बाजार, मॉल और चांदनी चौक जैसे प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में पैदल गश्त की। इस दौरान केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड स्थित होटलों की जांच की गई और बाहरी जिलों से आए संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन भी किया गया।
इसके बाद टीम ने इंदिरानगर क्षेत्र में पैदल भ्रमण कर स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी
थाना चक्रधरनगर पुलिस ने मुख्य मार्गों और कमला नेहरू पार्क के सामने सहित प्रमुख चौक-चौराहों पर लगातार पेट्रोलिंग कर यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था पर निगरानी रखी।
वहीं चौकी पूंजीपथरा पुलिस ने साप्ताहिक बाजार में मुस्तैदी के साथ उपस्थिति दर्ज कराते हुए सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया और आम नागरिकों को सुरक्षित माहौल प्रदान किया।
अभियान का उद्देश्य
पुलिस प्रशासन के अनुसार यह विजुअल पुलिसिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। इसका मुख्य उद्देश्य पुलिस की स्पष्ट और सक्रिय मौजूदगी के माध्यम से आमजन में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाना, अपराधों पर रोक लगाना और कानून-व्यवस्था को अधिक मजबूत बनाना है।







