छत्तीसगढ़ में 32 नगरीय निकायों में एल्डरमैन नियुक्त, रायपुर निगम में सबसे ज्यादा 11 मनोनयन

नगरीय प्रशासन विभाग ने जारी किया आदेश, जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश के विभिन्न नगरीय निकायों में एल्डरमैन (मनोनीत पार्षद) की नियुक्ति कर दी है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा रायपुर और सरगुजा संभाग के नगर निगम, नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों के लिए आधिकारिक आदेश जारी किया गया है। इस सूची में कुल 32 शहरी निकाय शामिल हैं।
रायपुर नगर निगम में सबसे अधिक 11 एल्डरमैन नियुक्त किए गए हैं। इन नियुक्तियों को लेकर लंबे समय से प्रतीक्षा की जा रही थी। हाल ही में उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने भी संकेत दिए थे कि प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द आदेश जारी किया जाएगा, जिसके बाद अब विभाग ने अंतिम सूची जारी कर दी है।
रायपुर और आसपास के निकायों में मनोनयन
रायपुर नगर निगम के अलावा माना कैंप, तिल्दा-नेवरा, गोबरा नवापारा, आरंग, मंदिर हसौद, अभनपुर, खरोरा, कुनरा, समोदा और चंदखुरी जैसे नगरीय निकायों में भी एल्डरमैन नियुक्त किए गए हैं।
इसके साथ ही गरियाबंद, महासमुंद, धमतरी और बलौदाबाजार-भाटापारा जिलों के विभिन्न नगर निकाय भी इस सूची में शामिल हैं।
सरगुजा संभाग में भी नियुक्तियां
सरगुजा संभाग के अंतर्गत अंबिकापुर नगर निगम सहित बलरामपुर, सूरजपुर, कोरिया, जशपुर और मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिलों के कई नगर निकायों में भी एल्डरमैन नियुक्त किए गए हैं।
सरकार का उद्देश्य
विभाग के अनुसार ये नियुक्तियां छत्तीसगढ़ नगर पालिक निगम अधिनियम, 1956 और नगरपालिका अधिनियम, 1961 के तहत की गई हैं। सरकार का मानना है कि एल्डरमैनों की नियुक्ति से नगरीय निकायों के कार्यों में जनभागीदारी बढ़ेगी और प्रशासनिक निर्णयों में स्थानीय अनुभव का लाभ मिलेगा।







