प्रेम प्रसंग के विवाद में युवक की मौत, कार से टक्कर मारने के बाद कुचलने का आरोप; चालक फरार

रायपुर। राजधानी रायपुर में प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद के बाद एक युवक की मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आमानाका थाना क्षेत्र में एम्स अस्पताल के सामने एक युवक को कार से टक्कर मारने और फिर वाहन से कुचलने का आरोप है। घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
3-4 साल से था युवती से प्रेम संबंध
जानकारी के अनुसार, मृतक युवक की एक युवती से करीब 3-4 साल से दोस्ती और प्रेम संबंध था। दोनों परिवारों के बीच शादी को लेकर बातचीत भी चल रही थी। इसी बीच युवक ने युवती को उसके एक दोस्त के साथ कार में देखा, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।
कार रोकने की कोशिश के बाद बढ़ा विवाद
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान युवक ने कार को रोकने की कोशिश की। आरोप है कि कार चला रहे युवक ने पहले उसे टक्कर मार दी। इसके बाद कार आगे बढ़ने लगी और युवक कार के बोनट पर चढ़ गया।
करीब 200 मीटर तक चली कार
पुलिस के मुताबिक, कार चालक ने वाहन नहीं रोका और करीब 200 मीटर तक कार चलती रही। इसके बाद युवक सड़क पर गिर गया और आरोप है कि कार उसके ऊपर से गुजर गई। गंभीर चोट लगने के कारण युवक की मौत हो गई।
पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के वास्तविक कारणों और विवाद में शामिल लोगों की भूमिका को लेकर पुलिस द्वारा जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।






