गेरवानी शराब दुकान में पिस्टलनुमा हथियार से फायरिंग, प्राइवेट गार्ड के पेट में लगी गोली

रायगढ़। जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के गेरवानी स्थित शासकीय देशी कम्पोजिट मदिरा दुकान में 17 अगस्त 2026 की रात पिस्टलनुमा हथियार से फायरिंग कर प्राइवेट गार्ड को घायल करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
एसएसपी के निर्देशन में तत्काल पहुंची पुलिस टीम
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में टीआई पूंजीपथरा रामकिंकर यादव, साइबर टीआई विजय चेलक के साथ थाना पूंजीपथरा, साइबर थाना, आबकारी विभाग और डायल 112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
शराब दुकान में सुरक्षा गार्ड की ड्यूटी
घायल गार्ड चन्द्रशेखर पटेल, पिता स्व. बीरबल पटेल, उम्र 43 वर्ष, निवासी ग्राम कलगामुड़ा, उर्दना, जिला रायगढ़ ने पुलिस को बताया कि वह ईगल हंटर सॉल्यूशन लिमिटेड के तहत सुरक्षा गार्ड के रूप में गेरवानी स्थित शराब दुकान में तैनात है। उसके मुताबिक दुकान बंद होने के बाद अक्सर कुछ असामाजिक तत्व वहां पहुंचकर गाली-गलौज और उपद्रव करते हैं।
युवक ने गाली-गलौज के बाद की फायरिंग
चन्द्रशेखर के अनुसार 17 अगस्त की रात उसकी ड्यूटी रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक थी। करीब 10:30 बजे एक युवक शराब दुकान के सामने पहुंचा और अपने दोस्त के साथ गाली-गलौज व मारपीट करने की बात कहते हुए विवाद करने लगा। युवक ने जान से मारने की धमकी दी और अचानक पिस्टलनुमा हथियार निकालकर फायरिंग कर दी।
पेट में लगी गोली, आहाता के पीछे छिपकर बचाई जान
फायरिंग के दौरान गोली चन्द्रशेखर पटेल के पेट में लगी। घायल होने के बावजूद वह जान बचाने के लिए आहाता के पीछे जाकर छिप गया। इसके बाद उसने अपने साथियों को घटना की जानकारी दी और डायल 112 को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घायल को उपचार के लिए भेजने की कार्रवाई की।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की तलाश
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज जुटाने शुरू कर दिए हैं। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए फुटेज साझा कर पतासाजी कर रही है।
हत्या के प्रयास का मामला दर्ज
घायल गार्ड की रिपोर्ट पर पूंजीपथरा पुलिस ने अपराध क्रमांक 206/2026 दर्ज कर धारा 296, 351(3), 109(1) बीएनएस के तहत मामला कायम किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की तलाश जारी है और मामले में आगे की जांच की जा रही है।






