रायगढ़

Raigarh News: डीएमएफ के कामों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, ठेकेदार और इंजीनियर पर होगी कड़ी कार्रवाई

Advertisement

कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने समय-सीमा की बैठक में दिए निर्देश, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से समझौता करने वालों पर होगी सख्ती

रायगढ़। जिले में जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) के तहत कराए जा रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समय-सीमा को लेकर कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि डीएमएफ से स्वीकृत सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं और निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी स्थिति में समझौता नहीं किया जाएगा। कार्यों में लापरवाही या अनियमितता सामने आने पर संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

धरमजयगढ़ में लापरवाही पर ठेकेदार और इंजीनियर पर कार्रवाई के निर्देश

कलेक्टर ने धरमजयगढ़ क्षेत्र में डीएमएफ के अंतर्गत कराए जा रहे कार्यों में लापरवाही की जानकारी मिलने पर संबंधित ठेकेदार और इंजीनियर के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी तरह की उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों तथा संबंधित पक्षों को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करना होगा।

निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करें अधिकारी

जिला कलेक्टोरेट के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक के दौरान कलेक्टर ने विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को डीएमएफ से संचालित निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता की कमी, अनियमितता या किसी भी प्रकार की गड़बड़ी सामने आने पर इसकी जानकारी तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दी जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

निर्धारित मापदंडों के अनुरूप पूरे हों सभी काम

कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि डीएमएफ के तहत स्वीकृत सभी निर्माण कार्य निर्धारित तकनीकी मापदंडों और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरे कराए जाएं। कार्यों में अनावश्यक देरी न हो और स्वीकृत राशि का उपयोग निर्धारित उद्देश्यों के लिए सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि डीएमएफ के माध्यम से होने वाले विकास कार्यों का लाभ आम लोगों तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए विभागीय अधिकारी कार्यों की प्रगति पर लगातार नजर रखें और किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारी तय करते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button