40 हजार दीपों से जगमगाया सिंदूर पार्क, ‘आशीर्वाद का दीया’ उत्सव के साथ सेवा संकल्प अभियान शुरू

वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर किया अभियान का शुभारंभ, जिले में पांच लाख से अधिक दीप जलाए गए
रायगढ़। जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत गुरुवार को ‘आशीर्वाद का दीया’ उत्सव के साथ हुई। रायगढ़ के सिंदूर पार्क में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में 40 हजार से अधिक दीप प्रज्वलित किए गए। दीपों से सजे ‘नमो सिंदूर पार्क रायगढ़’ ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
आयोजन के जरिए सेवा, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प में जनभागीदारी का संदेश दिया गया।
ओ.पी. चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ
प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया। उन्होंने उपस्थित लोगों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति जनता के आभार, शुभकामनाओं और सेवा भावना का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत आगामी एक माह तक जनकल्याण और सामाजिक सरोकार से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
देश और छत्तीसगढ़ में हुए बदलावों का किया उल्लेख
वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि पिछले वर्षों में देश ने आर्थिक, सामाजिक, शैक्षणिक, कूटनीतिक और वैश्विक स्तर पर कई महत्वपूर्ण बदलाव देखे हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों की परिस्थितियों का जिक्र करते हुए कहा कि एक समय बस्तर में सड़क और आवागमन बड़ी चुनौती थी, लेकिन लगातार किए गए प्रयासों से वहां परिस्थितियों में बदलाव आया है।
उन्होंने कहा कि कई ऐसे काम भी हुए हैं, जिन्हें कुछ वर्ष पहले मुश्किल या असंभव माना जाता था, लेकिन आज वे धरातल पर दिखाई दे रहे हैं।
‘ऑपरेशन सिंदूर’ की स्मृति से जुड़ा है पार्क
ओ.पी. चौधरी ने सिंदूर पार्क को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की स्मृति से जुड़ा स्थल बताया। उन्होंने कहा कि इसी स्थान पर बड़ी संख्या में लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए दीप प्रज्वलित किए हैं।
उन्होंने कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों, कार्यकर्ताओं और वरिष्ठजनों के साथ प्रशासन तथा नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों के सहयोग की सराहना की।
जिले में पांच लाख से ज्यादा दीपों से दिया गया जनभागीदारी का संदेश
‘आशीर्वाद का दीया’ उत्सव के माध्यम से पूरे जिले में पांच लाख से अधिक दीप प्रज्वलित किए गए। जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े हितग्राहियों सहित आम नागरिकों ने अपने घरों में भी दीप जलाकर सेवा और सुशासन के प्रति अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
इस पहल के जरिए विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
विशेष फॉर्मेशन तैयार करने वाले कलाकारों का सम्मान
सिंदूर पार्क में दीपों से बनाए गए विशेष फॉर्मेशन को आकर्षक स्वरूप देने में सहयोग करने वाले कलाकार मनोज श्रीवास्तव और सुजीत मोदी को कार्यक्रम के दौरान शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।
वहीं दीप प्रज्वलन की व्यवस्था में सहयोग करने वाली स्वच्छता दीदियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के प्रति वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने आभार व्यक्त करते हुए उनके योगदान के लिए धन्यवाद दिया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ कलाकारों और सहयोगियों का उत्साहवर्धन किया।






