BJP Leaders Chhattisgarh Visit: आज छत्तीसगढ़ पहुंचेंगे जेपी नड्डा और सुधांशु त्रिवेदी, शिवराज सिंह चौहान भी आएंगे रायपुर

रायपुर। छत्तीसगढ़ में शुक्रवार को भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं की राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियां देखने को मिलेंगी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी प्रदेश के अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल होंगे। जेपी नड्डा दुर्ग में जनसभा और पदयात्रा करेंगे, जबकि सुधांशु त्रिवेदी रायपुर में मीडिया से चर्चा करेंगे। वहीं, शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार शाम रायपुर पहुंचेंगे और 31 अक्टूबर को निर्धारित कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
दोपहर 1 बजे रायपुर पहुंचेंगे जेपी नड्डा, दुर्ग में करेंगे जनसभा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा दोपहर करीब 1 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वे सीधे दुर्ग के लिए रवाना होंगे। दुर्ग में उनका जनसभा को संबोधित करने का कार्यक्रम है।
इसके बाद शाम 4 बजे वे भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत आयोजित पदयात्रा में शामिल होंगे। उनके दौरे को लेकर पार्टी स्तर पर तैयारियां की गई हैं।
सुधांशु त्रिवेदी दोपहर 2:30 बजे करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी भी दोपहर करीब 1 बजे रायपुर पहुंचेंगे। इसके बाद दोपहर 2:30 बजे कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में मीडिया से बातचीत करेंगे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस की ओर से 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित ‘वोट चोर-गद्दी छोड़’ महारैली सहित अन्य राजनीतिक मुद्दों पर भाजपा का पक्ष सामने रखे जाने की संभावना है। हालांकि, प्रेस कॉन्फ्रेंस का आधिकारिक एजेंडा स्पष्ट नहीं किया गया है।
शिवराज सिंह चौहान आज शाम पहुंचेंगे रायपुर
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार शाम करीब 7 बजे रायपुर पहुंचेंगे। उनका मुख्य कार्यक्रम 31 अक्टूबर को निर्धारित है।
कार्यक्रम के अनुसार, वे सुबह 10 बजे ICAR-नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ बायोटिक स्ट्रेस मैनेजमेंट में आयोजित ‘खेत बचाओ’ अभियान और पौधरोपण कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर 1:30 बजे नेताजी सुभाष स्टेडियम से तेलीबांधा मरीन ड्राइव तक आयोजित पदयात्रा में हिस्सा लेंगे। यह पदयात्रा भी भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान का हिस्सा है।
मध्य प्रदेश में भी तीन शहरों में पदयात्राओं की तैयारी
छत्तीसगढ़ के साथ मध्य प्रदेश में भी भाजपा ने अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की है। इंदौर, जबलपुर और भोपाल में अलग-अलग तारीखों पर पदयात्राएं आयोजित की जाएंगी। पार्टी ने इन कार्यक्रमों में करीब एक लाख लोगों की भागीदारी का लक्ष्य रखा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के मुताबिक, पार्टी की कोर कमेटी की बैठक में कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई थी। इसके बाद प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं और संगठन पदाधिकारियों को आयोजन की जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।






