छत्तीसगढ़

चक्रवात ‘अर्नब’ को लेकर रायपुर जिला प्रशासन अलर्ट, राहत-बचाव की तैयारियां तेज; हेल्पलाइन नंबर जारी

Advertisement

रायपुर। चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के संभावित प्रभाव को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर रायपुर जिला प्रशासन ने एहतियाती तैयारियां तेज कर दी हैं। संभावित भारी बारिश, तेज हवाओं और अन्य प्रतिकूल मौसमी परिस्थितियों से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों को अलर्ट कर दिया गया है। प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारी को प्राथमिकता देते हुए आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

जिला प्रशासन शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरत रहा है। संभावित खतरे को देखते हुए ग्रामीण इलाकों में मुनादी के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। नागरिकों को भारी बारिश, तेज हवाओं, आकाशीय बिजली और जलभराव जैसी परिस्थितियों में सावधानी बरतने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की समझाइश दी जा रही है।

सभी विभागों को आपसी समन्वय के निर्देश

संभावित आपदा से निपटने के लिए राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य, नगरीय निकाय, पंचायत, विद्युत सहित अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, अग्निशमन और अन्य राहत-बचाव दलों को आवश्यक संसाधनों के साथ सतर्क रहने तथा जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई करने के लिए कहा गया है।

प्रशासन का जोर इस बात पर है कि किसी भी आपात स्थिति में राहत और बचाव कार्यों में देरी न हो तथा प्रभावित लोगों तक समय पर सहायता पहुंचाई जा सके।

नदी-नालों और निचले इलाकों में विशेष निगरानी

जिला प्रशासन ने नदी-नालों, तालाबों, निचले इलाकों और जलभराव की आशंका वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। नगरीय निकायों और संबंधित विभागों को नालियों की सफाई, जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है।

इसके साथ ही कमजोर भवनों, जर्जर संरचनाओं, पेड़ों और विद्युत लाइनों से जुड़े संभावित जोखिमों को देखते हुए एहतियाती कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि खराब मौसम के दौरान दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके।

मौसम के पूर्वानुमान पर लगातार नजर

प्रशासन मौसम विभाग से मिलने वाले पूर्वानुमानों और चेतावनियों की नियमित समीक्षा करेगा। संबंधित अधिकारियों और आम नागरिकों तक आवश्यक जानकारी समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। नियंत्रण कक्षों को सक्रिय रखते हुए परिस्थितियों की लगातार निगरानी और विभागों के बीच त्वरित सूचना आदान-प्रदान सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।

प्रशासन की अपील—अफवाहों से बचें, सतर्क रहें

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि मौसम खराब होने पर अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें। नदी-नालों, तालाबों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें तथा प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और केवल अधिकृत माध्यमों से प्राप्त जानकारी पर भरोसा करें।

सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी

चक्रवात के संभावित प्रभाव के मद्देनजर नागरिकों की सहायता और आवश्यक जानकारी के लिए जिला प्रशासन ने नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर जारी किया है। रायपुर जिला प्रशासन नियंत्रण कक्ष 0771-2413233 आवश्यक सहायता या संबंधित जानकारी के लिए इस नंबर पर संपर्क करें।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार जिला प्रशासन नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तैयारियों में जुटा है। सभी विभागों को सतर्कता और समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि चक्रवात का संभावित प्रभाव सामने आने पर जनजीवन की सुरक्षा के साथ राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू किए जा सकें।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button