विधानसभा उपाध्यक्ष की उपस्थिति में हर्षोल्लास से मनाया गया गणतंत्र दिवस…।।

सिंहघोष/रायगढ़-26.01.22-जिला मुख्यालय में आज 26 जनवरी 2022 के दिन राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस समारोह पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मिनी स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में उपाध्यक्ष छत्तीसगढ़ विधानसभा श्री मनोज सिंह मंडावी ने ध्वजारोहण किया। फिर राष्ट्रगान गाया गया। जिसके बाद पुलिस बल की टुकडिय़ों के द्वारा सलामी दी गई। विधानसभा उपाध्यक्ष श्री मंडावी ने शांति के प्रतीक श्वेत कपोत तथा तिरंगे गुब्बारे आकाश में उड़ाये। इस मौके पर कलेक्टर श्री भीम सिंह ने मुख्यमंत्री के जनता के नाम संदेश का वाचन किया। समारोह में रायगढ़ विधायक प्रकाश नायक,महापौर श्रीमती जानकी स्थान काटजू व जिला कलेक्टर भीम सिंह एस पी अभिषेक मीणा व अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।
समारोह में कोरोना वारियर्स,स्वास्थ्य विभाग राजस्व,पुलिस विभाग,बिजली विभाग के अलावा निगम कर्मचारियों तथा महिला समूह और गौठान समूह के सदस्यों,समाजसेवियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि ने शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी को श्रद्धांजलि दी। सबसे पहले अपने संबोधन में उन्होंने रायगढ़ की पावन भूमि को नमन किया. साथ ही भारतीय सेना के कमांडिंग ऑफिसर रहे जिले के वीर सपूत शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी श्रद्धासुमन अर्पित किया.उन्होने कहा जिस शहर में शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी जैसे महावीरों का जन्म हुआ हो वहां की धरती अपने आप मे पवित्र और गौरवशाली हो जाती है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में हमारा देश और पूरा विश्व कोविड-19 महामारी के संकट के दौर से गुजर रहा है. इस महामारी ने व्यापक स्तर पर जनजीवन को प्रभावित किया है.कोरोना महामारी की तीसरी लहर में नर्स,कंपाउंडर, वार्डबॉय,आंगनबाड़ी कार्यकर्ता,मितानिन,सामाजिक संस्थाएं, समूह, संगठनों एवं शासन-प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारियों की निरंतर सेवा एवं सहयोग के साथ आप और हम सभी मिलकर इस महामारी के प्रभाव को नियंत्रित करने में सफल होंगे.मैं आप सबसे यह अपील करना चाहूंगा कि कोविड महामारी के संक्रमण को निष्प्रभावी करने के लिए शासन-प्रशासन के द्वारा निर्धारित नियमों का अक्षरशः पालन करें।